संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त प्रीति ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र, बिजली, राजस्व, पेंशन, अवैध कब्जे और पानी निकासी सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में दस्तावेजों की जांच या विस्तृत कार्रवाई की आवश्यकता है, उन्हें भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र निपटाया जाए।
शिविर में विदेश भेजने के नाम पर ठगी, राशन कार्ड बनवाने, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय कम करवाने, बिजली बिलों की समस्या, इंतकाल दर्ज कराने, बुढ़ापा पेंशन, राशन डिपो बहाली, अवैध कब्जा हटवाने, पानी निकासी, बिजली के खंभे हटवाने और मैनहोल ढक्कन लगाने जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से रखी गईं।
इनमें से कुछ परिवार पहचान पत्र से संबंधित मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ मामलों का निपटारा करना होगा। इस अवसर पर नगराधीश पीयूष गुप्ता, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, नगर निगम के जेडटीओ अजय वालिया, अधीक्षक अतुल शर्मा, विशेष सदस्य नीरज गुप्ता, खरैती लाल बतरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।