संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दामला गोशाला में रविवार को 36 बिरादरी और सर्व मुस्लिम समाज के लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गायों के संरक्षण और गौहत्या पर रोक लगाने को लेकर आवाज उठाई गई। समाज के लोगों ने केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग की।
सर्व मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने दामला गौशाला के मौजूदा संचालक धर्मेंद्र भारद्वाज और उनकी टीम को समर्थन देते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन गौशाला व गायों के संरक्षण के लिए आगे नहीं आते हैं तो सर्व मुस्लिम समाज हर स्तर पर गौसेवा से जुड़े लोगों के साथ है।
समाज के लोगों ने कहा कि गाय को राष्ट्र माता का दर्जा मिलने से समाज में आपसी भाईचारा और मजबूत होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग गाय के नाम पर राजनीति कर समाज में दूरी पैदा करने का प्रयास करते हैं, जबकि गाय करा संरक्षण करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
बैठक में बताया गया कि 27 जुलाई को प्रधानमंत्री के नाम गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग को लेकर देशभर में जिलों के उपायुक्त से ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसमें अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की गई।
इस दौरान मुस्लिम समाज से रुफल सरपंच टोडरपुर, शाहरुख टोडरपुर, सहजाद सरपंच, इरफान शादीपुर, कुर्बान शादीपुर, नसीम दूधला और वहीं पर्यावरण मित्र फाउंडेशन के चिराग सिंघल, गौरव गोयल, धर्मेंद्र राणा, रणजीत राणा उपस्थित रहे।