संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ट्रक अड्डा क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम की समस्या को खत्म करने के लिए शुक्रवार को यातायात थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों और दुकानदारों के साथ बैठक की। बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए मंथन किया गया।
एसएचओ संदीप कुमार ने निर्देश दिए कि कोई भी ट्रक सड़क पर खड़ा न किया जाए। सभी ट्रांसपोर्टर अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों या वर्कशॉप में ही खड़ा करें। सड़क पर खड़े ट्रकों के कारण आम लोगों को भारी परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होती है।
पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में सड़क पर खड़े ट्रकों के कारण जाम की स्थिति बनी तो संबंधित ट्रांसपोर्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगा। इस दौरान ट्रांसपोर्टरों और दुकानदारों ने भी अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखीं और समाधान के लिए सहयोग का भरोसा दिया।
ट्रांसपोर्टरों ने जाम की समस्या के समाधान के लिए एक कमेटी का गठन किया और एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया, जिसमें सड़क पर खड़े वाहनों की फोटो साझा कर पुलिस को सूचना दी जाएगी। बैठक में इंद्रजीत सिंह, सतपाल सिंह, संजीव कुमार, काला नंबरदार, अनिल मिस्त्री सहित अन्य ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।