संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। पांच दिन पहले घर से लापता हुए युवक का शव गांव के ही जंगल में पेड से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि युवक ने आत्महत्या की है। उधर, युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मामला थाना छछरौली क्षेत्र के गांव हरेवा का है।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी प्रदीप उर्फ काका क्षेत्र के ही एक नेत्र चिकित्सक के यहां पर काम करता था। 21 अक्तूबर को वह घर से अचानक लापता हो गया था। 22 अक्तूबर को परिजनों ने थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। जिसके बाद से ही पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार दोपहर को पुलिस को सूचना मिली की युवक का शव गांव के ही जंगल में पेड़ पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। उधर, युवक की मौत की सूचना के बाद परिजनों में भी कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतक के दो बच्चे हैं।
एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि युवक का शव फंदे पर लटका मिला है। आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। जांच के बाद आगे की उचित कानूनी कार्रवाई होगी।
-