नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रचार वाहन हरी झंडी देकर रवाना करते एसपी, डीसी व अन्य अधिकारी।
यमुनानगर। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रचार वाहन को डीसी पार्थ गुप्ता व एसपी कमलदीप गोयल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान डीसी ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय, प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय व मेडिकल विंग (राजयोगा एजुकेशन और रिसर्च फाउंडेशन) अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू के सहयोग से नशा मुक्त प्रचार वाहन से जिले के सभी स्कूल-कॉलेज, गांव, गली-मोहल्लों व शहरी क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जा रहा है।प्रचार वाहन पर लगे ऑडियो-वीडियो संदेश, पोस्टर, बैनर व स्लोगन के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं व आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नशे की बुरी लत से समाज को मुक्त करना और नई पीढ़ी को स्वस्थ, सुरक्षित व सुनहरे भविष्य की ओर प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार व समाज के लिए विनाशकारी है। युवाओं को इससे दूर रखने के लिए जन जागरूकता आवश्यक है। प्रचार वाहन गांव-गांव व शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताएगा और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। जिला प्रशासन ने अपील की कि लोग अभियान में सहयोग करें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में भागीदार बनें। एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर प्रभाव डालता है। जागरूकता ही नशे से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे नशा छोड़कर स्वस्थ जीवन अपनाएंं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। मौके पर डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, ब्रह्माकुमारी बहन अंजू, सही राह मुहिम से जुड़े अधिवक्ता सुशील आर्य, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-