जगाधरी। कोरोना संक्रमण के दौर में समय बिताने के लिए शुरू किए टेबल टेनिस में दक्ष ने ऐसी दक्षता पा ली है कि वह कई स्तर पर पदक व ट्रॉफी जीतकर जिले का नाम चमका रहे हैं। जिलास्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर कई ट्रॉफी जीतकर नाम रोशन कर चुके हैं। शहर निवासी 13 वर्षीय दक्ष जगाधरी के एसडी पब्लिक स्कूल की आठवीं कक्षा के छात्र है।
कोरोना संक्रमण दौर के बाद जब स्कूल खुले तो दक्ष ने वहां भी अपना खेल दिखाया। दक्ष का शानदार खेल देखकर कोच ने उन्हें आगे बढ़ने के प्रेरित किया। इसके बाद दक्ष ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। स्कूल स्तर पर खेलते हुए दक्ष जिलास्तर विजेता बना। इसके बाद दक्ष का चयन हरियाणा राज्य की टेबल टेनिस की अंडर-13 की टीम में चयन हुआ। इसके बाद दक्ष ने मध्यप्रदेश के इंदौर में अपनी प्रतिभा दिखाई।
विज्ञापन
इंदौर में हुई राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भी भाग लिया है। दक्ष अंडर-11 में ओपन चैंपियनशिप में तीन बार पदक जीतकर नाम चमका चुका है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र पंचकूला और अंबाला में हुई ओपन टेबल टेनिस चैंपयनशिप जीतकर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया। यह नहीं दिसंबर में चौधरी देवी लाल कॉलेज ऑफ एजुकेशन भगवानगढ़ में करवाई गई प्रतियोगिताओं में भी दक्ष ने अंडर-15 और 17 और मैन श्रेणी में प्रतिभागिता निभाई। इस प्रतियोगिता में भी दक्ष ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतिद्वंद्वियों को परास्त कर क्वार्टर और सेमिफाइनल में जगह बनाई। यह दोनों श्रेणियां भी पार कर दक्ष फाइनल में पहुंचा। इसके अतिरिक्त सोलन में हुई सीबीएसई क्लस्टर में दक्ष ने दूसरा स्थान प्राप्त किया और सूरत में होने वाली नेशनल गेम्स में अपना स्थान पक्का किया है। वहीं, दिल्ली में शुरू किए दिल्ली स्पोर्ट्स स्कूल में चयनित होने वाला यमुनानगर से एकमात्र टेबल टेनिस खिलाड़ी दक्ष है। दक्ष ने बताया कि उसका वर्ल्ड टेबलटेनिस चैंपियनशिप और ओलंपिक में खेलना उसका लक्ष्य है। इसी को ध्यान में रखकर वह लगातार अभ्यास कर रहा है।