साइबर ठगों ने प्राइवेट स्कूल टीचर वीनू कुमार को बिजली कनेक्शन काटने का डर दिखाकर ठगी कर ली। दरअसल बिजली बिल जमा कराने के नाम पर साइबर ठग ने टीचर के मोबाइल पर एप डाउनलोड कराया। इसके बाद उनके खाते से 99-99 की तीन ट्रांजक्शन में दो लाख 97 हजार रुपये निकाल लिए। ठगी का शिकार होने के बाद टीचर ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवीभवन बाजार की सेठानी गली निवासी वीनू कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट स्कूल में टीचर है। उसका खेड़ा मंदिर के नजदीक स्थित पीएनबी शाखा में खाता हैं। छह जुलाई को दोपहर तीन बजे वह घर पर था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया। उसमें लिखा था कि आज आपका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा, क्योंकि आप का बिजली बिल बकाया है। जिस नंबर से मैसेज आया था, उन्होंने उस नंबर पर फोन किया और बताया कि बिजली बिल पेंडिंग नहीं है। बात करने वाले ने कहा कि उनका बिजली बिल अपडेट नहीं है। इस दौरान उसने अपनी बातों में उलझा लिया और मोबाइल में एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा। आरोपी के कहने पर उसने अपने मोबाइल में एप डाउनलोड कर लिया। वहीं, आरोपी ने उससे क्रेडिट कार्ड की जानकारी भी ले ली। इसके बाद ओटीपी भी पूछ लिया। इसके बाद उनके अकाउंट से तीन बार में 99-99 हजार रुपये निकाल लिए गए। जब उसके मोबाइल पर खाते से रुपये कटने का मैसेज आया तो वह हैरान रह गया। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। साइबर क्राइम पुलिस थाना ने उसकी शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई खुशबीर सिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।