संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सरस्वती शुगर मिल में 17 नवंबर यानी मंगलवार से गन्ने का पेराई सत्र शुरू होगा, लेकिन दूसरी ओर मिल के गन्ना यार्ड में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। सोमवार को भाकियू प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी भी किसानों के बीच पहुंचे। किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई शुगर मिल प्रबंधन से नहीं है। वे मिल के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे, लड्डू खाएंगे और बांटेंगे भी। हालांकि, यदि कोई किसान गन्ना लेकर मिल पहुंचा तो उसे हाथ जोड़कर वापस भेजा जाएगा। किसानों का कहना है कि दो-चार ट्रालियों से मिल नहीं चलने वाली है।
गौरतलब है कि गन्ने का उचित मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर किसान मिल यार्ड में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। एक दिन पहले जगाधरी रेस्ट हाउस में किसानों की मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत भी बेनतीजा रही थी।
भाकियू प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि किस फार्मूले के आधार पर गन्ने का भाव केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाया गया है। गन्ने की पैदावार पर लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, कीटनाशक और मजदूरी के खर्च में लगातार इजाफा हो रहा है। अभी यमुनानगर की शुगर मिल में धरना शुरू किया गया है। यदि सरकार ने कमांग नहीं मानी तो प्रदेश की सभी मिलों के बाहर धरना शुरू किया जाएगा।
600 रुपये प्रति क्विंटल लेकर रहेंगे किसान : संजू
भाकियू जिला अध्यक्ष संजू गुंदियाना ने कहा कि सरकार किसानों की मांगों को अनदेखा कर रही है, लेकिन किसान भी पीछे हटने वाले नहीं हैं। सरकार को इसका करारा जवाब दिया जाएगा। किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव लेकर ही रहेंगे। जब तक सरकार उनकी यह मांग पूरी नहीं करती, तब तक धरना जारी रहेगा।