संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में चोरों ने यमुना मंदिर को निशाना बनाकर चांदी के मुकुट, घंटी, मूर्तियों के आभूषण व पांच दानपात्रों समेत करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
शिकायत में गांव बहादुरपुर निवासी पंडित बाबूराम ने बताया कि गांववासियों ने यमुना नदी के तट पर यमुना मंदिर बनाया है। यहां पर प्रतिदिन गंगा आरती की तर्ज पर यमुना आरती होती है। सभी श्रद्धालु 17 अगस्त को देर शाम मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद अपने घर चले गए थे। सुबह पांच बजे जब वह मंदिर में आए तो उन्हें वहां सामान बिखरा मिला।
जांच करने पर मंदिर से चांदी के पांच मुकुट, कांस्य की घंटी, मूर्तियों के आभूषण, पूजा के बर्तन व पांच दानपात्र गायब मिले। उसने चोरी की सूचना गांव के अन्य लोगों को दी। सूचना मिलते ही गांववासी मौके पर पहुंचे। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने मंदिर से करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया है।