यमुनानगर। ईरान युद्ध के चलते पैदा हुए गैस संकट का असर बढ़ता ही जा रहा है। गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन इसके बाद भी लोगों को समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। बुकिंग कराने के बाद भी कई उपभोक्ता गैस के इंतजार में भटक रहे हैं। शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों पर बुधवार को भारी भीड़ देखने को मिली। लोग सुबह जल्दी ही लाइन में लग गए, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। एजेंसियों के अंदर भीड़ इतनी बढ़ गई कि कई जगह धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
सरस्वतीनगर स्थित एक गैस एजेंसी पर हालात और भी खराब नजर आए। यहां पहुंचे उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें पर्याप्त संख्या में सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। सरकार और प्रशासन द्वारा लगातार यह दावा किया जा रहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। उपभोक्ता रमेश कुमार ने बताया कि लंबी लाइनों के बीच कुछ बिचौलिए सक्रिय हैं, जो लोगों को लाइन से बचाने का लालच देकर 200 रुपये की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग सीधे गोदाम से सिलिंडर दिलाने का दावा करते हैं। इससे साफ है कि गैस वितरण में पारदर्शिता की कमी है और ब्लैक में बेचने का खेल चल रहा है।
वहीं गांव तलाकौर के चमन लाल ने बताया कि उनके घर पर सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हुई, लेकिन मोबाइल पर संदेश आ गया कि गैस सिलिंडर पहुंचा दिया गया है। इस तरह की गड़बड़ी से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। सुनीता, मीना रानी, संतोष, रेखा, लाजवंती और हरि राम सहित कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसियों पर यह तक स्पष्ट नहीं है कि कौन व्यक्ति किसके नाम का सिलिंडर लेकर जा रहा है। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, जो जानबूझकर आम जनता को परेशान कर रहे हैं। गैस संकट के इस दौर में जहां एक ओर लोगों को आवश्यक सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर ब्लैकिंग और अव्यवस्था ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
वर्जन:
जिन लोगों की ऑनलाइन बुकिंग हो चुकी है उन्हें सरकार के नियमानुसार सिलिंडर डिलीवर किया जा रहा है। गैस की कोई कमी नहीं है बावजूद इसके लोग सिलिंडर के लिए एजेंसियों पर लंबी-लंबी लाइनें लगा रहे हैं। लोगों को यह डर है कि आने वाले दिनों में गैस सिलिंडर नहीं मिलेगा, जबकि ऐसा नहीं है। सभी को गैस दी जा रही है।
- नितिन सिंगला, डीएफएससी।
गांधी नगर थाना के पास इंडेन गैस एजेंसी के बाहर लगी उपभोक्ताओं की भीड़। संवाद- फोटो : samvad
गांधी नगर थाना के पास इंडेन गैस एजेंसी के बाहर लगी उपभोक्ताओं की भीड़। संवाद- फोटो : samvad
गांधी नगर थाना के पास इंडेन गैस एजेंसी के बाहर लगी उपभोक्ताओं की भीड़। संवाद- फोटो : samvad