फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रक चालक की मौत पर परिजनों का अस्पताल में हंगामा

Thu, 18 Aug 2016 12:14 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
पसलियां टूटने पर भी छाती को दबाया क्यों - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
दो ट्रकों की चपेट में आने से घायल हुए ट्रक चालक की शहर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर परिजनों को शांत किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन


छछरौली क्षेत्र के गांव गनौली निवासी हरप्रीत सिंह (29) ट्रक चालक था। मंगलवार शाम को वह डायमंड स्टोन क्रेशर डोईवाला में माल भरवाने के लिए ट्रक लेकर गया था। क्रेशर के नजदीक ट्रक खड़ा कर हरप्रीत सिंह दूसरे ट्रक चालक मोनू का ट्रक बैक करवाने लगा। अंधेरा होने के चलते ट्रक को पीछा करवाते हुए हरप्रीत अपने ट्रक और मोनू के ट्रक की चपेट में आ गया। इससे उसकी छाती में  गंभीर चोटें आई। उसे शहर के गाबा अस्पताल में पहुंचाया। जहां बुधवार सुबह करीब आठ बजे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की बहन परमजीत कौर, रजनी, मां अमृतकौर, भाई सुखविंद्र सिंह का आरोप है कि चिकित्सकों ने इलाज में लापरवाही बरती है। परिजनों ने इसको लेकर अस्पताल में जमकर हंगामा किया। शहर थाना एडिशनल एसएचओ प्रमोद कुमार, रामपुरा चौकी इंचार्ज ऋषिपाल अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। पुलिस ने ट्रक चालक मोनू के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसआई प्रमोद ने बताया कि डाक्टर पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी जांच होगी।

पसलियां टूटने पर भी छाती को दबाया क्यों
मृतक हरप्रीत सिंह की बहन परमजीत कौर ने बताया कि वह पंचकूला अस्पताल में नर्स है। उसे भी मेडिकल की जानकारी है। दो ट्रकों की चपेट में आने से उसके भाई की छाती की पसलियां टूट गई थी। सुबह जब उसके भाई की तबीयत अधिक खराब हुई तो डॉक्टर और एक चतुर्थ कर्मचारी ने उसके भाई की छाती को हाथों से पंप करना शुरू कर दिया। जबकि उसके भाई की छाती की पसलियां पहले से टूटी हुई थी। डॉक्टरों की इसी लापरवाही की वजह से उसके भाई की जान गई है।
विज्ञापन


अभी तो पापा बोला भी नहीं आया था
मृतक हरप्रीत की शादी करीब डेढ़ साल पहले ही हुई थी। वह पांच माह की बच्ची विनीतकौर के पिता थे। अभी बच्ची पापा भी बोलना नहीं सीख पाई थी कि उसके सिर से पिता का साया उठ गया। मृतक की पत्नी आशा देवी पति की मौत की खबर सुनकर बेहोश हो गई।

रक्षाबंधन से एक दिन पहले बहनों ने खोया भाई
-बदहवासी में दुधमुंही बच्ची से बुआ पूछने लगी, तेरा पापा कहां है..
 यमुनानगर। रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व हरप्रीत की मौत से उसके परिवार के सदस्य सदमे में हैं। मृतक की मां अमृत कौर बार-बार मृतक की छह माह की दुधमुंही बच्ची को सीने से चिपका कर रो रही थी। कभी उसका चेहरा निहारती तो कभी रोने लगती। मां के साथ ही अस्पताल में पहुंची मृतक हरप्रीत की दो बहनों में एक बहन रजनी के आंसू नहीं थम रहे थे। हरप्रीत का दूसरा भाई सुखविंदर, मां और बहनों को रोता देख खुद पर काबू नहीं रख सका और फफक कर रो पड़ा। मृतक की दूसरी बहन परमजीत कौर भी बदहवासी की हालत में थी। पास में खड़ी भीड़ से कहने लगी। डॉक्टर के लिए मेरा भाई मरीज होगा। मेरे लिए तो भाई था। रक्षाबंधन के एक दिन पहले मैने अपना भाई खो दिया। इतना कहने के बाद परमजीत कौर आस-पास खड़े लोगों से पूछने लगी मेरा भाई कहां है।
मृतक हरप्रीत की छह माह की दुधमुंही बच्ची विनीत कौर को उसने मां की गोंद से खींच आपने गोंद में लिया और उससे पूछने लगी बेटी तेरा पापा कहां है। बेटी को इस हालत में देख मृतक हरप्रीत की मां अमृत कौर, बहन रजनी, भाई सुखविंदर भी विलाप करने लगा। अमृत कौर ने बताया कि हरप्रीत के पिता हरि सिंह को बेटे की मौत की सूचना मिल चुकी है, ना जाने वो किस हाल में होंगे। अमृत कौर ने बताया कि हरप्रीत की अभी पिछले साल 2015 में ही शादी पांवटा साहिब के आशा देवी से हुई।

-वर्जन
पेशेंट रात 12: 45 पर अस्पताल में दाखिल हुआ था। उस समय उसका बीपी 60 एमएम थी। पेशेंट की कंडीशन बहुत खराब थी। छाती में चोट लगी थी। पेशेंट की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई ले जाने को कहा गया था, लेकिन पेशेंट को लेकर आए ट्रक चालकों न कहा कि अभी पेशेंट के परिवार का कोई सदस्य नहीं आया है इसलिए इसका इलाज यही करें। सुबह उसकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई। जिसके बाद उसे कार्डिक मसाज सीपीआर किया गया। उसे बचाने की पूरी कोशिश की गई थी।
डॉ. बीएस गाबा, संचालक गाबा अस्पताल
 --------------------------
 
डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी घायल
 यमुनानगर। लाड़वा के खेडी दबदलाल निवासी बिट्टू (25) ताजेवाला में जेसीबी चालक क्रेशर जोन में जेसीबी चलाता था। मंगलवार रात ताजेवाला के नजदीक जेसीबी खराब हो गई। वह अपने साथी उत्तर प्रदेश के गांव देवपुर निवासी नवीन के साथ बाइक पर सवार होकर खिजराबाद सामान लेने आए थे। सामान लेकर दोनों बाइक पर वापस ताजेवाला लौट रहे थे। जैसे ही वह जगाधरी पौंटा नेशनल हाईवे 73ए पर अराइंयावाला चौक के पास पहुंचे तो तेज गति से आ रहे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे बिट्टू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। डंपर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायल को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां वह उपचाराधीन है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर आकर घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों क ो सौंप दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात डंपर चालक के  खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें