बिलासपुर की रोजापीर कॉलोनी में करीब दो माह पूर्व हुई घर में चोरी की वारदात के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी के मोबाईल व अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस को दावा है कि आरोपी ने इस वारदात सही कई वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बिलासपुर रोजापीर कॉलोनी निवासी सुशील कुमार ने 23 जनवरी को थाना बिलासपुर में आकर सूचना दी कि उसका भतीजा आशीष अपने किसी काम से गुडगांव गया हुआ था और घर पर कोई नहीं था। उसकी गैर मौजूदगी में उसके घर ताला तोड़कर नकदी, तीन मोबाइल फोन और घर में लगी पानी की टूटियां चोरी हो गई हैं, बिलासपुर पुलिस ने तब अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू की थी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि उक्त चोरी की जांच का जिम्मा डिटेक्टिव स्टाफ के इंचार्ज निरीक्षक संदीप कुमार को सौंपा गया। निरीक्षक ने टीम का गठन किया।
गठित पुलिस टीम को सूचना मिली कि उक्त चोरी की वारदात में शामिल बिलासपुर की डेहा बस्ती निवासी आरोपी चमकीला चोरी किए हुए मोबाइल फोन को बेचने की फिराक में है। गठित टीम ने सूचना के आधार पर उक्त आरोपी को मंगलवार देर शाम बिलासपुर अनाज मंडी के पास से चोरी के मोबाइलों सहित गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने गहन पूछताछ पर आरोपी ने तीन दिसंबर 2015 को गांव जागधौली से गुगामाडी के दान पात्र से पैसे चुराने व थाना शहर जगाधरी के क्षेत्र झंडा चौक से एक व्यक्ति की जेब काटकर पैसे व एटीएम चोरी करने की वारदातों को भी अंजाम देना कबूल किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।