देहरादून के एक व्यक्ति ने यमुनानगर की एक लड़की की फोटो फेसबुक पर उसकी अनुमति के बिना डाउनलोड कर शेयर कर दी। लड़की का आरोप है कि व्यक्ति ने उसकी फोटो पर उसके और उसके परिवार के प्रति गलत कॉमेंट भी लिखे। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फर्कपुर की शिवपुरी-बी कॉलोनी निवासी लड़की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने फेसबुक पर अपना अकाउंट बनाया हुआ है। एक दिन वह अपना फेसबुक अकाउंट चैक कर रही थी। इस दौरान उसने फेसबुक पर अपनी फोटो शेयर की हुई दिखाई दी। जिसके नीचे उसके और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ गलत कॉमेंट लिखे हुए थे। जांच करने पर उसे पता चला कि देहरादून की प्रेम नगर कालोनी निवासी चांदराम ने उसके फेसबुक आईडी से उसकी फोटो डाउनलोड कर अपनी फेसबुक आईडी से शेयर कर गलत शब्दों का प्रयोग किया है। जब उसने इस बारे में आरोपी से बात करनी चाही तो उसने कोई जवाब नहीं दिया।
उसने घटना की सूचना फर्कपुर पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी व्यक्ति चांदराम के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। फर्कपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष चंद का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी का पता लगा लिया जाएगा।