एनएच-73 (चंडीगढ़-रुड़की) पर कन्हैया साहिब चौक के समीप स्थित शॉपिंग कांप्लेक्स में लगे एचडीएफसी बैंक के एटीएम का लॉक तोड़ कर कैश चोरी का प्रयास किया गया। ऑटोमेटिक सेंसर से सूचना मिलने के बाद मौके पर बैंक कर्मी के पहुंच जाने के बाद वे फरार हो गए। उनकी गतिविधि सीसी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
न्यू मार्केट निवासी एटीएम के कस्टोडियन गुरप्रीत सिंह के मुताबिक वह शुक्रवार रात साढ़े 11 बजे रोज की तरह एटीएम का शटर डाउन कर ताला लगाकर घर चले गए। बाद में देर रात किसी द्वारा एटीएम का लॉक तोड़े जाने पर ऑटोमेटिक सेंसर से मुंबई हेड क्वार्टर संदेश चला गया। इसके बाद चंडीगढ़ व यमुनानगर अधिकारियों को सूचना मिली। बैंक मैनेजर के फोन के बाद वे मौके पर पहुंचे तो एटीएम कक्ष से दो नकाबपोश शटर उठाकर बाहर निकले और थोड़ी दूरी पर तीसरा व्यक्ति भी उनके साथ फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की, किंतु कोई सुराग नहीं लगा।
हाथ में थी तलवार
एटीएम में घुसे दो नकाबपोश वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। आरोपी करीब दो बजे एटीएम का शटर तोड़ अंदर घुसे। दोनों ने मुंह कपड़े से ढका था और उनके हाथ में तलवार भी थी। इसी दौरान कुछ दूरी पर बाहर तीसरा व्यक्ति पहरा दे रहा था। बदमाश एटीएम से नकदी चुराने में कामयाब नहीं हो पाए। थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।