धामपुर में डीएम बी चंद्रकला ने शनिवार को कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस कार्यक्रम की समीक्षा की।
अधिकारियों को कार्यक्रम में शामिल होने वाली प्रत्येक शिकायत का पारदर्शिता से समाधान करने के निर्देश दिए। गड़बड़ी करने वाले किसी भी अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। डीएम ने धामपुर पालिका क्षेत्र में खेती में कट रही अवैध कॉलोनियों के मामले को गंभीरता से लेने के एसडीएम को निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि महायोजना 2021 के तहत ग्रीन बेल्ट में शामिल क्षेत्रों में कॉलोनियों काटने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। शनिवार को समाधान दिवस की समीक्षा के बाद डीएम ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि धामपुर में नहटौर मार्ग पर ग्रीन बेल्ट में शामिल बाग को कटवा कर उसे आबादी क्षेत्र में घोषित कर दिया गया है। क्या उस क्षेत्र को आबादी क्षेत्र से निरस्त कर खेती में दर्ज किया गया या नहीं। एसडीएम के सकारात्मक उत्तर देने पर डीएम ने कहा कि खेती की जमीन में कालोनियों को ध्वस्त करा दिया जाए। इस दौरान एसपी उमेश श्रीवास्तव ने कहा कि अपराधों पर अंकुुश लगाने के लिए पुलिस दिन-रात काम कर रही है।
पिछले माह धामपुर में दो बड़ी घटनाओं के खुलासे के संबंध में पूछने पर एसपी ने कहा कि पुलिस और क्राइम ब्रांच जांच में लगी है। पुराना धामपुर में अकील हत्याकांड के खुलासे के बारे में स्वयं भी जांच की है, लेकिन अभी तक क्लू नहीं मिल सकें हैं। अफजलगढ़ क्षेत्र में पशु चोरी और नकबजनी की बढ़ रही घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस काम कर रही हैं। इस मौके पर एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह और सीओ अशोक यादव आदि मौजूद रहे।