जगाधरी स्थित शांति कालोनी निवासी युवक शुभम की करीब एक सप्ताह पहले हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतक की मां ने तीनों की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को शिकायत की थी। उनका आरोप है कि तीनों दोस्तों ने उसके बेटे को कोई जहरीला पदार्थ देकर मारा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शांति कालोनी निवासी अनुराधा ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पांच अगस्त को मुखर्जी पार्क कालोनी निवासी साजन, गगन और रजत उसके 22 वर्षीय लड़के शुभम को घर से बुलाकर यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर ले गए। उसी रात करीब साढ़े आठ बजे उन्हें सूचना मिली कि शुभम की तबीयत खराब है और वह अस्पताल में भर्ती है।
बाद में शुभम की मौत हो गई। अनुराधा ने मृतक शुभम के तीनों दोस्तों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। आरोप है कि उसके बेटे के दोस्तों ने उसे कहीं ले जाकर उसे कोई जहरीला पदार्थ दिया। जांच अधिकारी एसआई विजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के बाद ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।