रेलवे कालोनी में सीनियर मैकेनिक के घर की ग्रिल तोड़ कर चोरों ने ढाई लाख रुपये की नकदी, 25 तोले सोना व अन्य सामान चोरी कर लिया। वारदात के समय मैकेनिक परिवार समेत पंजाब के बटाला में स्थित ध्यानपुर में अपने गुरू के दर्शन करने के लिए गए थे। पुलिस व सीन आफ क्राइम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेलवे कालोनी निवासी रमेश कुमार रेलवे में सीनियर मैकेनिक है। रमेश ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पंजाब के बटाला में स्थित ध्यानपुर में अपने गुरु के दर्शन करने के लिए गए थे। सोमवार की सुबह यमुनानगर में आए। रमेश ने बताया कि उसकी माता रेलवे कालोनी से कुछ दूरी पर स्थित विष्णु नगर में रहती है।
घर जाने की बजाय अपनी माता के घर पर चले गए। सुबह का नाश्ता करने के बाद वे करीब 11 बजे रेलवे कालोनी स्थित अपने घर में पहुंचे तो पड़ोसियों ने बताया कि उनके घर की खिड़कियां खुली दिख रही हैं। पड़ोसियों की बात सुनते ही उन्होंने गेट खोला और अंदर गए। देखा किचन की खिड़की में लगी ग्रिल एक तरफ रखी हुई थी। दीवान बैड व अलमारी खुले पड़े थे। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखे सामान की जांच की तो करीब 25 तोले सोना, ढाई लाख रुपये की नकदी, रसोई से सिलेंडर, एक एलसीडी समेत अन्य सामान गायब था। उन्होंने देखा की दीवारों पर किसी के पांव के निशान थे।
उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर फर्कपुर थाना पुलिस और सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।