बराड़ा। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ (संबंद्धी सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा एवं स्कूल टीचर्स फेडरेशन आफ इंडिया) की खंड इकाई ने सोमवार को उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बराड़ा के कार्यालय पर पर प्रदर्शन कर गत दिनों बराड़ा अंग्रेजी के प्राध्यापक मुकेश कुमार पर जानलेवा हमले में शेष दो दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारी उपमंडलाधीश के कार्यालय के बाहर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन खंड प्रधान राम चंद्र सैनी की अध्यक्षता में हुआ और संचालन जिला सचिव अशोक कुमार सैनी ने किया। उपस्थित अध्यापकों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, अध्यापकों की सुरक्षा आदि को लेकर जबरदस्त नारेबाजी की। जिला सचिव अशोक कुमार सैनी ने मुकेश कुमार के हमलावरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और मिड डे मील की महिला कर्मचारियों से सुबह मुंह अंधेरे कार्य लेने पर एतराज जताया। इस मौके पर मौजूद सभी अध्यापकों ने एकमत राय से आज सांय तक गिरफ्तारी न होने पर कल स्थानीय विद्यालय बंद कर प्रदर्शन की योजना बनाई। जिससे स्थानीय प्रशासन को अवगत करवा दिया गया। इस मौके पर स्थानीय विद्यालय के अध्यापक सुखबीर सिंह कपिल जैन राकेश, मंजू राकदीप, राम सिंह, सतीश, विकास, रविंद्र लाभ सिंह, हरविंदर, ममतेश राणा आदि अध्यापक मौजूद रहे।