जिला जेल एक बार फिर मोबाइल फोन और सिम कार्ड मिलने से चर्चा में आ गया। सख्ती के बावजूद भी जेल में मोबाइल फोन और सिम कार्ड कैदियों तक पहुंचाए जा रहे हैं। शनिवार को भी चेकिंग के दौरान कैदी से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुआ। जिसके बाद पुलिस ने कैदी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला जेल डीएसपी संजय बांगड ने थाना शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 दिसंबर को वह जेल में बंद कैदियों की नियमित चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान जब उन्होंने जेल के कैदी बुबका निवासी राहुल की जांच की, तो उसके पास से मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद हुआ। आरोपी ने मोबाइल जेब में छिपाकर रखा था। उन्होंने आरोपी से मोबाइल फोन व सिम कार्ड जब्त कर इसकी सूचना पुलिस को दी। जगाधरी सिटी पुलिस ने आरोपी को नामजद कर केस दर्ज कर लिया है। यहां बता दें कि जिला जेल में मोबाइल फोन और सिम कार्ड मिलने के दर्जनों केस सामने आ चुके हैं। इसी माह जेल प्रांगण में किसी ने पांच मोबाइल फोन फेंके थे। जिसके बाद पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।