अनमोल कार ड्राईविंग स्कूल संचालक नीरज की हत्या पुलिस लाइन में एक महिला कांस्टेबल के पति ने की थी। आरोपी ने नीरज को अपने क्वार्टर में बुलाया, पहले उसे शराब पिलाई। इसके बाद बेलन सिर में मारकर और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने दिन के समय वारदात को अंजाम दिया और रात होने पर नीरज के शव को उसी की कार में डालकर अंसल टाउन के नजदीक छोड़ आया। यह खुलासा डीएसपी मदन लाल ने नीरज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए शुक्रवार को किया। पुलिस हत्या का कारण प्रॉपर्टी विवाद और पैसे का लेनदेन मान रही है। पुलिस ने महिला कांस्टेबल के पति को गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे रिमांड पर लिया गया। रिमांड के बाद इस प्रकरण का पूरा सच सामने आएगा।
डीएसपी मदन लाल ने बताया कि 16 अक्टूबर को अंसल टाउन के नजदीक अल्टो कार में मृत मिले ड्राईविंग स्कूल संचालक नीरज की हत्या के मामले को सुलझाने के लिए थाना सदर जगाधरी एसएचओ राजेंद्र के नेतृत्व में सीआईए टू और थाना सदर जगाधरी पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने मोबाइल डिटेल और मृतक के परिजनों के आरोपों के आधार पर जांच की। जांच में पता चला कि करीब एक साल पहले पुलिस लाइन में रह रही एक महिला पुलिस कांस्टेबल नीरज के पास कार चलाना सीखने के लिए आई थी। इसी दौरान कांस्टेबल के पति कुरुक्षेत्र के बबैण क्षेत्र के गांव जडौला निवासी राजेश और नीरज में दोस्ती हुई। दोनों में पैसे का आपसी लेनदेन था। पुलिस की माने तो दोनों में प्रॉपर्टी को लेकर भी बातचीत चल रही थी। इसके चलते दोनों में विवाद हो गया।
जिसे लेकर राजेश नीरज से रंजिश रखने लगा। 15 अक्तूबर को पत्नी के ड्यूटी पर चले जाने के बाद राजेश ने फोन कर नीरज को पुलिस लाइन में अपने क्वार्टर पर बुलाया। जहां दोनों ने शराब पी। जब नीरज नशे में धुत हो गया तो राजेश ने बेलन से नीरज के सिर पर वार किए और गुप्तांग पर चोट मारी, जब नीरज बेसुध होकर गिर गया, तब राजेश ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी राजेश रात के समय नीरज के शव को उसी की कार में डालकर अंसल टाउन के नजदीक कार समेत छोड़ आया। 16 अक्तूबर दोपहर बाद अंसल टाउन के नजदीक कार की पिछली सीट पर नीरज का शव पड़ा मिला था।
पीपली से किया गिरफ्तार
वारदात के बाद से ही आरोपी कुरुक्षेत्र से फरार हो गया। वहीं शिनाख्त होने के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपी राजेश पर शक जाहिर किया। पुलिस ने मृतक की मोबाइल डिटेल में भी आरोपी का नंबर मिला। जिसके आधार पर पुलिस आरोपी से बातचीत करने के लिए पुलिस लाइन गई, लेकिन आरोपी यहां से फरार मिला। तब से पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को कुरुक्षेत्र में सर्च कर रही थी। लेकिन आरोपी पुलिस के आने से पहले फरार हो जाता था। गुरुवार देर शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को पीपली से गिरफ्तार किया।
मोबाइल से मिली मदद
नीरज का शव मिलने के बाद पुलिस को सिर्फ मृत की पहचान मिली थी। लेकिन शव के आसपास से कोई ऐसा ठोस सबूत नहीं मिला, जिससे हत्यारे तक पहुंचा जा सके। ऐसे में मोबाइल फोन पुलिस के लिए दिशा केंद्र साबित हुआ। पुलिस ने राजेश के नंबर की कॉल डिटेल निकलवाई और उसी दिशा में जांच शुरू कर दी। इसी डिटेल में पुलिस को हत्यारोपी राजेश का भी नंबर मिला था।
-दिन भर घर में पड़ी रही लाश-
पुलिस के अनुसार करनाल के घीड़ निवासी नीरज की हत्या 15 अक्टूबर दोपहर बाद की गई थी। वारदात के समय आरोपी की पत्नी कांस्टेबल ड्यूटी पर थी और घर पर राजेश अकेला था। नीरज की हत्या के बाद आरोपी दिन होने के कारण शव ठिकाने नहीं लगा पाया। जिस पर आरोपी ने शव घर में छिपा दिया और रात को अंधेरा होने पर कार में रखकर नीरज की लाश को कार समेत अंसल टाउन में छोड़ दिया और वहां से खुद पैदल घर आ गया।
किसी को कानों कान न हुई खबर
पुलिस का दावा है कि पहले राजेश और नीरज ने शराब पी। हत्या से पूर्व दोनों की बहस हुई, राजेश ने नीरज के सिर पर बेलन के प्राण घातक वार किए। इसके बाद नीरज के गुप्तांग पर चोट मारी और फिर उसका गला दबा दिया। आरोपी पुलिस लाइन में रहता है। ऐसा संभव भी नहीं कि चीखने चिल्लाने की आवाज किसी ने सुनी ही न हो। यही नहीं आरोपी ने घर से शव कार तक पहुंचाया और कार चलाकर ले गया। आरोपी शव अकेला कार तक लाया या किसी ने उसका साथ दिया। अभी भी ऐसे ही कुछ सवालों के जवाब बाकी हैं।
दो महीने की जेल काट चूका है आरोपी
पुलिस के अनुसार हत्यारोपी पहले भी दो माह जेल में रह कर आया है। कुछ माह पूर्व आरोपी छेड़छाड़ के मामले में जेल में बंद था। आरोपी राजेश पर उसके साले की पत्नी से छेड़छाड़ का आरोप था। पुलिस को आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ करने का आरोप में केस दर्ज किया था। जिसमें पुलिस ने आरोपी को नामजद करते हुए गिरफ्तार कर लिया था।
यह है पूरा मामला
16 अक्टूबर शाम को थाना सदर जगाधरी पुलिस को सूचना मिली थी कि अंसल टाउन में एक कार खड़ी है, जिसमें से बदबू आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंची तो कार में एक व्यक्ति का शव पड़ा था। अंसल टाउन के सिक्योरिटी गार्ड ने कार को खड़ी देख पुलिस को सूचना दी। मृतक की शिनाख्त करनाल के घीड़ निवासी नीरज के रूप में हुई थी। नीरज छोटी लाइन स्थित कमला नगर में अनमोल ड्राइविंग स्कूल चलाता था। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस मामले की हर पहलू से पूछताछ करेगी। रिमांड के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। जल्द ही मामले का पूरा सच सामने होगा।
- मदन लाल डीएसपी, यमुनानगर।