यमुनानगर। शहर में मेला सिंह चौक के नजदीक छोटी लाइन स्थित दिनदहाड़े चोरों ने घर में घुसकर हजारों रुपये के गहनों पर हाथ साफ किया। वारदात के समय परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुराना हमीदा की कृष्णा कॉलोनी निवासी कुलवंत सिंह ने शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मेला सिंह चौक के नजदीक छोटी लाइन पर उसकी लड़की रजवंत कौर का घर है। 30 जूून को वह घर का ताला लगाकर दोपहर करीब डेढ़ बजे उनसे मिलने के लिए आई थी। दोपहर बाद करीब तीन बजे जब वह वापस घर पहुंची तो उसने देखा कि गेट लगा हुआ था।
अंदर जाकर देखा तो कमरे के दरवाजे खुले पड़े हुए थे। कमरे में रखी अलमारी भी खुली पड़ी हुई थी। जिसके अंदर से हजारों रुपये के सोने व चांदी के गहने गायब थे। चोरी की सूचना उसकी लड़की रजवंत कौर ने उसे दी। उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। जांच करने पर उसने बताया कि चोरों ने घर से सोने की चेन, इयर रिंग, सोने की अंगूठी व अन्य आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
बिजली निगम कार्यालय से ट्रांसफार्मर चोरी :
बिजलीकर्मी मिर्जापुर निवासी सरदुल सिंह ने साढौरा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह यूएचबीवीएन के साढौरा स्थित कार्यालय में कार्यरत है। कार्यालय के बाहर बिजली निगम के ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। रविवार की रात को दो अज्ञात लोग यहां से बिजली निगम का ट्रांसफार्मर चोरी कर ले गए। ट्रांसफार्मर की कीमत करीब 40 हजार रुपये थी। पुलिस ने दो अज्ञात लोगों पर चोरी का मामला दर्जकर लिया है।
50 सीमेंट के पोल चोरी :
भटौली निवासी सुशील कुमार ने छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पाबनी कलां में कृषि योग्य जमीन है। जमीन की चारदीवारी के लिए उसने खेत में सीमेंट के पोल रखे हुए थे। 19 जून को उसके खेत से 50 पोल चोरी कर लिए। उसका आरोप है कि गांव गंदापुरा निवासी अजय व उसके भाई सचिन ने पोल चोरी किए है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों भाईयों पर चोरी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर लिया है।
तीन बाइक चोरी
बाबा कॉलोनी निवासी दीपक ने बताया कि वह इंडस्ट्रीयल एरिया में किसी काम से आया था। उसने बाइक को पोली प्लास्टिक फैक्ट्री के बाहर खड़ी की थी। जहां से चोरों ने उसकी बाइक को चोरी कर लिया। उसने बाइक की काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। उसने बाइक चोरी की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, चोरों ने लक्ष्मी नगर कालोनी निवासी प्रभजोत सिंह की बाइक को नगर निगम कार्यालय के बाहर से चोरी कर लिया। उधर, माडल टाउन निवासीर मनमीत सिंह की बाइक को चोरों ने मीरा मार्केट से चोरी कर लिया। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।