घाड़ क्षेत्र के एक गांव के समीप से दो युवक महिला को जबरन कार में बिठाकर अपने साथ ले गए। आरोपियों ने महिला को अपनी दुकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल करवाया।
जिसमें उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी युवक व उसके दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बिलासपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 दिसंबर की शाम करीब चार बजे वह खेतों से लकड़ी लेने के लिए जा रही थी। जैसे ही वह गांव के अड्डे के समीप पहुंची तो रास्ते में एक कार खड़ी थी।
जैसे ही वह कार के पास से गुजरी तो कार में बैठे दो युवकों में से रणबीर उर्फ विक्की नाम के युवक ने उसे जबरन खींच कर कार में बिठा लिया और कार लेकर हिमाचल प्रदेश की ओर चल पड़े। रास्ते में सोम नदी के पुल के समीप आरोपी रणबीर उर्फ विक्की का साथी कार से उतर गया।
विक्की उसे हिमाचल के कोलर नाहन की ओर ले गया। उसके बाद वह उसे कार से कपाल मोचन के गांव अहड़वाला मोड़ पर बनी अपनी दुकान में लेकर आया। जहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसे इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने घटना की जानकारी तुरंत अपने घरवालों को दी और पुलिस कंट्रोल रूम में 100 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी।
इसके बाद बिलासपुर थाना की रणजीतपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चौकी प्रभारी सुरेश का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।