हरियाणा के यमुनानगर के खदरी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर 35 वर्षीय रजिया की हत्या करने का आरोप लगाया है। ससुराल वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मायके वालों ने पोस्टमार्टम हाउस यमुनानगर में हंगामा कर दिया।
वह रजिया के पति मोहम्मद सुल्तान, ससुर मोहम्मद हसन व ननद बलकिस को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे। परिजनों ने अस्पताल में नारेबाजी की। कई बार वह अस्पताल के बाहर सड़क पर जाम लगाने के लिए भी चले, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझा बुझा कर शांत किया।
2012 में हुई थी रजिया की शादी
शाहबाद के छपरी गांव निवासी शादीलाल ने कहा कि उसकी बेटी का निकाह वर्ष 2012 में खदरी गांव में मोहम्मद सुल्तान के साथ हुआ था। शादी में बाद से ही ससुराल में रजिया के साथ मारपीट की जाती थी। इसे लेकर कई बार दोनों पक्षों की पंचायतें भी हुई। हर बार वह माफी मांग कर आगे से ऐसी हरकत नहीं करने का आश्वासन देते थे। परंतु उनके रवैये में कोई बदलाव नहीं आया।
रजिया ने फोन करके कहा था कि मुझे आकर बचा लो
आरोप है कि शुक्रवार सुबह 11 बजे रजिया ने उन्हें फोन करके कहा था कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। वह उसे आकर बचा लें और अपने साथ घर ले जाएं। सूचना पाते ही मायके वाले बेटी की ससुराल के लिए घर से चल दिए। इसी बीच रास्ते में रजिया के पति मोहम्मद सुल्तान ने फोन करके कहा कि रजिया ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया है जिससे उसकी मौत हो गई। वह खदरी गांव में पहुंचे तो रजिया मृत पड़ी थी। मायके वालों ने जहर देकर रजिया को मारने का आरोप लगाया। परिजन ससुराल वालों की गिरफ्तारी के लिए अड़ गए। अस्पताल में ही पोस्टमार्टम हाउस के बाहर उन्होंने नारेबाजी की और रेलवे स्टेशन रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। परिजनों ने यह भी धमकी दी कि यदि पुलिस ने ससुराल वालों पर आईपीसी की धारा 307 के तहत केस दर्ज नहीं किया तो वह शव को लेकर नहीं जाएंगे।
कार्रवाई की जा रही है: सतनाम सिंह
थाना प्रतापनगर एसएचओ सतनाम सिंह का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। परिजन जो भी शिकायत देंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पति समेत दो पर हत्या के आरोप लगाए गए हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।