पालेवाला निवासी व्यक्ति से जगाधरी के एक व्यक्ति ने जमीन बेचने के नाम पर बयाने के 70 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया। मामले में अभी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
गांव पालेवाला निवासी भाग सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2015 में वह कुछ कृषि लायक जमीन खरीदने के लिए घूम रहा था। इस दौरान उसकी मुलाकात जगाधरी निवासी नवनीत कुमार के साथ हो गई। उसने उसे जगाधरी के उधमगढ़ के नजदीक 16 कनाल छह मरले जमीन बेचने के लिए दिखाई। जमीन उसके पसंद आ गई और उसने उसका दो करोड़ 90 लाख रुपये में सौदा तय कर लिया। जमीन का सौदा तय होने पर उसने 10 जनवरी 2015 को आरोपी को बयाने के रूप में 70 लाख रुपये दे दिए। वादे के मुताबिक आरोपी द्वारा जमीन की रजिस्ट्री 5 अप्रैल 2015 करवाई जानी थी। लेकिन आरोपी ने वादे के मुताबिक जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाई। परेशान होकर उसने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने देर शाम भाग सिंह की शिकायत पर आरोपी नवनीत कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।