यमुनानगर में तीन बदमाशों ने घर में घुसकर महिला की गर्दन पर चाकू रखकर लाखों रुपये के गहने और मोबाइल लूट लिए। वारदात शनिवार रात शहर के गीता भवन मंदिर के नजदीक हुई। घर का गेट रिपेयर होने के कारण खुला पड़ा था। जिसका फायदा उठाकर बदमाश घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
महिला ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस, सीआईए व स्पेशल सेल की टीमें मौके पर पहुंची और छानबीन की। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी घटनास्थल से फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए। शहर थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात तीन बदमाशों पर लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंबाला के गांव बिहटा निवासी कोमल ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गीता भवन मंदिर के नजदीक करीब तीन माह से किराये के मकान में रहती है। उसके साथ उसका बेटा मयंक और बेटी सृष्टि रहती है। इन दिनों मकान मालिक मकान के गेट की रिपेयर करवा रहे हैं। इसलिए रात को गेट आधा खुला हुआ था। शनिवार-रविवार रात को वह अपने घर में सो रही थी।
करीब दो बजे कुछ शोर होने से अचानक उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि उसके घर में तीन अज्ञात युवक घुसे हुए थे। बदमाशों ने मुंह पर कपड़े बांधे हुए थे। इससे पहले वह कुछ समझ पाती आरोपी युवकों ने उसकी गर्दन पर चाकू रख लिया। आरोपियों ने उसे कहा कि उनके पास टाइम नहीं है। जो कुछ भी जेवर व नकदी है। जल्द हमारे हवाले कर दो। गर्दन पर चाकू रखा देख वह सहम गई। अपनी जान बचाने के लिए उसने सोने का एक सेट, मंगलसूत्र, सोने की दो बालियां, बच्चों के चांदी के कड़े, चांदी की तीन पाजेब दे दी। बदमाशों ने इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश इस बारे में किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए।
शहर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात तीन युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही युवकों की पहचान कर उन्हें काबू किया जाएगा।