सोनीपत में गांव रोहट-फतेहपुर रोड पर सड़क किनारे मिले शव की पहचान हो गई है। शव पानीपत के प्रीत विहार निवासी टैक्सी चालक मोहित का था। मोहित के अपहरण का केस पानीपत के तहसील कैंप थाना में दर्ज है। शव का फोटो पुलिस ग्रुप पर डालने के बाद उसकी पहचान हो गई है। युवक के सिर में गोली भी मारी गई थी।
सदर थाना पुलिस को शनिवार को गांव गांव रोहट-फतेहपुर रोड पर सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। युवक के चेहरे और सिर पर चोट के निशान थे। युवक ने हाथ में जिम का एक बैंड मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था।
रविवार सुबह पानीपत के प्रीत विहार निवासी राजेंद्र सिंह का परिवार सदर थाना में पहुंचा। उन्होंने पुलिस टीम के साथ शव विच्छेदन गृह में जाकर शव की पहचान मोहित के रूप में की। मोहित के पास ब्रेजा कार थी। वह कार को टैक्सी में चलाता था। शुक्रवार शाम को कुछ युवक उनकी कार को किराए पर लेकर आए थे। उनका पर्स, मोबाइल और कार का पता नहीं लगा है। आशंका है कि लूटपाट के बाद हत्या कर शव सोनीपत में फेंक दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार का कहना है कि पहचान के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।