शहर की एक महिला ने अपने देवर पर दुष्कर्म करने और पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत महिला थाना पुलिस को दी। पुलिस ने महिला के देवर पर दुष्कर्म, पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने और ससुराल पक्ष के तीन अन्य लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी नौ अगस्त 1998 में गांव धौड़ंग निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। शादी में उसके परिवार के लोगों ने जरूरत का सारा जरूरी सामान भी दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके देवर की उस पर बुरी नजर थी। कुछ माह पूर्व वह घर पर अकेली थी। इस दौरान उसका देवर भी घर पर आ गया।
आरोप है कि उसके देवर ने उसे घर पर अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। जब उसके अपने पति व अन्य परिजनों को इस बारे में बताया तो उन्होंने बात दबाने की बात कही। इसके बाद उसके पति ने उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए। जब उसने विरोध जताया तो आरोपी ने अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे पीटकर घर से निकाल दिया। परेशान होकर उसने आरोपियों के खिलाफ महिला थाना पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके देवर पर दुष्कर्म, पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने, ससुर, ननद व देवरानी पर दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई शीलावंती का कहना है कि महिला ने देवर पर दुष्कर्म व पति पर अप्राकृतिक संबंध का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।