यमुनानगर। हरियाणा यूपी सीमा के नजदीक लगते कलानौर नाके पर चेकिंग कर रहे आरटीए के सब इंस्पेक्टर पर लकड़ी से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने दो बार ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। सब इंस्पेक्टर ने दूसरी तरफ छलांग लगाकर जान बचाई। वारदात के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। विभाग ने ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर कलानौर चौकी में खड़ा किया हुआ है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की रात आरटीए सचिव देवेंद्र कौशिक टीम के साथ ओवरलोड वाहनों की चेकिंग के लिए नेशनल हाईवे 73 पर निकले थे। उनके साथ सब इंस्पेक्टर विकास यादव भी थे। नेशनल हाईवे पर हरियाणा यूपी सीमा के नजदीक लगे कलानौर नाके के पास सब इंस्पेक्टर विकास यादव सड़क किनारे खड़े होकर ओवरलोड वाहनों की जांच करने लगे। इस दौरान सहारनपुर की ओर से लकड़ी से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली आती हुई दिखाई दी। सब इंस्पेक्टर यादव ने ट्रैक्टर-ट्राली चालक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने ट्रैक्टर रोकने की बजाय उसे सब इंस्पेक्टर पर चढ़ाने का प्रयास किया। सब इंस्पेक्टर ने एक तरफ छलांग लगाकर जान बचाई। इसके बाद भी ट्रैक्टर चालक नहीं रुका।
सब-इंस्पेक्टर ने पुलिस की मदद से उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर जाकर सब इंस्पेक्टर ट्रैक्टर के आगे सड़क पर खड़े हो गए। इस बार भी चालक ने ट्रैक्टर नहीं रोका और उसे सब इंस्पेक्टर पर चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस को आता देख आरोपी ट्रैक्टर चालक कुछ दूर वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। बाद में आरटीए विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर कलानौर चौकी में खड़ा करवा दिया। आरटीए द्वारा मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
आठ फुट से अधिक ऊंची थी ट्रॉली :
आरटीए व यातायात के नियमों के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली में बॉडी से छह फुट तक ऊंची लकड़ी लोड की जा सकती है। लेकिन सड़कों पर छह से आठ फुट तक ऊंची लकड़ी से भरी ट्रॉलियां दौड़ती हैं। टीम के मुताबिक आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने आठ फुट से अधिक ऊंची लकड़ी भरी हुई थी।
यूपी से आती है ओवरलोड लकड़ी से भरी ट्रालियां :
यूपी से लकड़ी से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रालियां रातभर लक्कड़मंडी यमुनानगर में आती रहती हैं। अधिकतर ट्रालियां छह से आठ फुट तक ऊंची भरी हुई होती हैं। जो ओवरलोड होती हैं। बुधवार रात सब इंस्पेक्टर पर हुई ट्रैक्टर चढ़ाने के प्रयास की घटना के बाद से आरटीए विभाग के कर्मचारियों में जान को लेकर भय बना हुआ है। इतना ही नहीं विभाग की पहले से ही वाट्सअप के जरिये रेकी हो रही है।
ओवरलोड वाहनों की चेकिंग के लिए बुधवार रात आरटीए की टीम ने नेशनल हाईवे 73 पर जांच की। जांच के दौरान एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने सब इंस्पेक्टर पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। आरोपी चालक का ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त कर लिया है। आरोपी चालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
- देवेंद्र कौशिक, सचिव, आरटीए विभाग।