रेप केस रद करवाने के एवज में पूर्व गांधी चौकी प्रभारी एएसआई राजिंद्र कुमार ने बिचौलिये के साथ मिलकर डॉक्टर से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत ले ली। घटना मई की है। केस रद न होने पर डॉक्टर ने इसकी शिकायत फर्कपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपी पूर्व चौकी प्रभारी राजिंद्र कुमार और बिचौलिये के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बिचौलिये को सीआईए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जगाधरी की क्रिस्चन कॉलोनी निवासी डॉ. धर्मचंद मित्तल के खिलाफ 20 मई को दुष्कर्म के आरोप में एक महिला ने केस दर्ज करवाया था। मामला गांधी नगर चौकी में दर्ज किया गया था। उस समय गांधी चौकी प्रभारी राजिंद्र सिंह थे।
आरोप है कि कृष्णा कॉलोनी निवासी दविंद्रजीत ने डॉक्टर से केस रद करवाने के लिए चौकी प्रभारी राजिंद्र को कुछ पैसे देकर मामला रफा दफा करने की बात कही। डॉक्टर ने दविंद्रजीत के माध्यम से चौकी प्रभारी राजिंद्र कुमार से बातचीत की। रेप केस रद करवाने के लिए डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय हो गया।
इसके बाद 25 मई को डॉक्टर ने बिचौलिये दविंद्रजीत के माध्यम से पूर्व गांधी नगर चौकी प्रभारी राजिंद्र कुमार को डेढ़ लाख रुपये दे दिए। उस समय चौकी प्रभारी राजिंद्र कुमार ने डॉक्टर को जल्द केस रद करवाने का आश्वासन दिया।
डॉ. धर्मचंद मित्तल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि काफी दिन बीतने के बाद भी मामला रद नहीं किया गया। जब उसने राजिंद्र कुमार से बात की तो उन्होंने उससे सही बात नहीं की। परेशान होकर उसने इसकी शिकायत फर्कपुर थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी पूर्व चौकी प्रभारी एएसआई राजिंद्र कुमार और बिचौलिये दविंद्रजीत के खिलाफ आईपीसी की धारा 384 व 120बी के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दविंद्रजीत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। वहीं पूर्व चौकी प्रभारी एएसआई राजिंद्र कुमार फरार चल रहा है।
यह था मामला
शहर की एक कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय महिला ने गांधी नगर चौकी पुलिस को 20 मई को दी शिकायत में बताया कि वह कई दिन से बीमार चा रही थी। उसका जगाधरी वर्कशॉप रोड स्थित एक डॉक्टर से इलाज चल रहा था। वह डॉक्टर के पास दवा लेने लिए जाती थी।
कुछ दिन पहले भी वह दवा लेने के लिए डॉक्टर के पास गई थी। उसने कुछ टेस्ट कराए थे, जिनकी रिपोर्ट अभी आनी थी। 20 मई को उनके घर के सदस्य किसी काम से बाहर गए थे और वह घर पर अकेली थी। इस दौरान डॉक्टर का उसके मोबाइल पर फोन आया कि उसके टेस्ट की रिपोर्ट आ गई है। उसने कहा कि इस समय वह उसकी कॉलोनी में ही है और रिपोर्ट उसे घर पर ही दे देगा।
महिला के अनुसार कुछ ही देर में डॉक्टर उसके घर पहुंच गया और उसे मेडिकल रिपोर्ट व कुछ दवा दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आरोपी डॉक्टर उसे इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। उस समय पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया था।
20 मई को दर्ज दुष्कर्म के मामले को रद करवाने के एवज पर पूर्व चौकी प्रभारी एएसआई राजिंद्र कुमार ने बिचौलिये दविंद्रजीत के माध्यम से डेढ़ लाख लिए थे। मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बिचौलिये को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एएसआई राजिंद्र कुमार फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
इंस्पेक्टर दयाल चंद, एसएचओ, थाना फर्कपुर।