अलीशेरपुर माजरा में लापता संजीव (23) का शव 66 दिन बाद आदिबद्री के पहाड़ी क्षेत्र से लगते जंगल में पेड़ से गली-सड़ी हालत में लटका मिला। मृतक के दोनों हाथ पीछे की ओर बेल्ट से बंधे व मौके से बरामद हुए सामान से हत्या की आशंका जताई गई। उधर, बिलासपुर पुलिस ने भी इन्हीं के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
शुक्रवार देर शाम क्षेत्र के कुछ युवक शिवालिक की पहाड़ियों से लगते आदिबद्री क्षेत्र में लकड़ी लेने जा रहे थे। इसी दौरान आदिबद्री-मंत्रा देवी के लिए सीढ़ियों के रास्ते में जंगल में उन्हें एक पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। युवक घबरा गए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना महंत विनय स्वरूप ब्रह्मचारी को दी। महंत ने रणजीतपुर चौकी में फोन कर पुलिस को सूचित किया। देर शाम पुलिस मौके पर पहुंची। पेड़ से लटका शव गली-सड़ी हालत में होने से सीन ऑफ क्राइम टीम के आने पर ही शव को उतारने का निर्णय लिया गया।
शनिवार सुबह डीएसपी बिलासपुर सुभाष चंद, बिलासपुर थाना प्रभारी दयाल चंद, रणजीतपुर चौकी प्रभारी सुरेश कुमार, सीन ऑफ क्राइम की टीम, डिटेकटिव स्टाफ यमुनानगर से बृजपाल छप्पर, भिखु चैहल, कुलदीप सिंह, गुरमीत सिंह, मनीष की मौजूदगी में शव को उतारा गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। साथ ही मौके पर पहुंचे अलीशेरपुर माजरा के राजकुमार ने शव की शिनाख्त अपने भतीजे संजीव कुमार के रूप में की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दो माह पूर्व चारा लेने की बात कहकर निकला था घर से
मृतक के चाचा रामकुमार ने बताया कि उनका भतीजा संजीव करीब दो माह पहले 13 दिसंबर 2015 को पशुओं के लिए चारा लेने की बात कहकर घर से खेतों के लिए निकला था। उसके बाद वापस नहीं लौटकर आया। इससे पहले भी वह कई बार घर से बिना बताए कई-कई दिन नहीं आता था, इसी कारण उन्होंने सोचा कुछ समय बाद वह वापस आ जाएगा। इसी कारण उन्होंने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस को नहीं दी। किंतु शनिवार को जैसे ही उन्हें आदिबद्री क्षेत्र में शव मिलने की सूचना मिली, वह मौके पर पहुंचे तो शव संजीव का पाया। उन्होंने बताया कि संजीव के पिता फौज में है। संजीव 12वीं तक पढ़ाई के बाद उसकी शादी होने के बाद टूट गई थी।
पीछे की ओर बंधे मिले हाथ, मौके से बरामद हुई जहर की पुड़िया और शराब
पेड़ पर लटके मिले मृतक संजीव कुमार के दोनों हाथ पीछे की ओर एक बेल्ट से बंधे मिले। जबकि घटनास्थल पर मौके से एक जहर की पुड़िया, एक बोतल खाली व एक आधी भरी शराब की बोतल बरामद हुई। साथ ही पास में एक खाली गिलास, एक दो लीटर की खाली बोतल, लोई, कपड़े और एक स्कूल बैग भी मिला है। हालात देखने से प्रतीत होता है कि मृतक को शराब पिलाकर व जहर देकर मारने के बाद ही पेड़ से लटकाया गया। उधर, पुलिस भी मामले को हत्या का मानकर चल रही है और शव को करीब माह भर पुराना बता रही है, जो बुरी तरह से गल-सड़ चुका है।