पानीपत से रादौर शादी समारोह में भाग लेने आए व्यक्ति की कार से चोरों ने पैसों से भरा बैग उड़ा लिया। बैग में बीस हजार रुपये की नगदी और हजारों रुपये के सोने व चांदी के आभूषण थे। इधर, यमुनानगर बस स्टैंड पर जगाधरी में स्क्रैप बेच कर पानीपत जा रहे व्यापारी के बैग से दो लाख रुपये उड़ा लिए। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पानीपत की कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी अर्जुनदेव ने रादौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसका परिवार मंगलवार रात को रादौर के सत्यम पैलेस में अपने रिश्तेदार की शादी समारोह में भाग लेने आया था। अपनी कार को पैलेस के बाहर पार्किंग में खड़ी करके वह शादी में भाग लेने चला गया। इस दौरान वह अपना बैग कार के अंदर ही भूल गए।
कार के अंदर रखे बैग में 20 हजार रुपये की नकदी, सोने व चांदी के कुछ जेवरात व एटीएम कार्ड रखे हुए थे। जब वह शादी समारोह से वापस पार्किंग में अपनी कार के पास आए तो उन्होंने देखा की कार की खिड़की खुली पड़ी थी और उसमें रखा बैग गायब था।
उसने इसकी सूचना तुरंत रादौर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने अर्जुनदेव की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई दलबीर सिंह का कहना है कि आशंका है पार्किंग में कार खड़ी करते समय खिड़की खुली रह गई और इसी बात का शायद किसी ने फायदा उठाकर कार से बैग चोरी कर लिया। फिलहाल मामला दर्जकर लिया है। जांच की जा रही है।
बैग में ब्लेड मारकर उड़ाए दो लाख
पानीपत की अग्रसेन कालोनी निवासी महेंद्र लाल ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को वह जगाधरी में स्क्रैप बेचने के लिए आया था। स्क्रैप बेचने से मिली लगभग अढ़ाई लाख रुपये की नकदी बैग में डालकर मंगलवार देर शाम वह वापस पानीपत जा रहा था। जगाधरी से बस में सवार होकर यमुनानगर बस स्टैंड पर पहुंचा। जब यहां वह पानीपत की बस में चढ़ने लगा तो पीछे से किसी ने उसके बैग को ब्लेड से काट दिया और उसके बैग से दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। जब वह बस में सीट पर बैठने लगा तो उसने देखा कि उसका बैग कटा हुआ है।