गोविंदपुरी रोड पर आरके गुप्ता अस्पताल के बाहर फाइनेंसर की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने फाइनेंसर को पेंचकस जान से मारने के इरादे से नहीं की थी, बल्कि फाइनेंसर से बचने के लिए पेंचकस मारा था। पुलिस ने आरोपी से हत्या में प्रयुक्त पेंचकस बरामद कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
डीएसपी मदनलाल ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि फाइनेंसर की हत्या करने वाला आरोपी कैंप निवासी शाह इस समय जगाधरी बस स्टैंड के पास घूम रहा है। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी शाह ने बताया कि उसने फाइनेंसर से टाटा सूमो फाइनेंस पर ली थी। जिसकी कई किस्ते उसने जमा करवा दी थी। अभी 70 हजार रुपये बाकी रह गये थे। चार दिसंबर को वह आरके गुप्ता अस्पताल में गया था।
वहां पर उसकी रिश्तेदार भर्ती थी। जब वह वहां से घर जाने के लिए चला तो यहां अचानक उसे फाइनेंसर रविंद्र उर्फ बॉबी मिल गया। यहां दोनों में किस्त को लेकर बहस हो गई थी। बहस बढ़ने पर फाइनेंसर ने उसे मारने का प्रयास किया, जिससे बचने के लिए उसने बाइक पर रखे पेंचकस को उसे मारा। उसने फाइनेंसर को जान से मारने की नियत से पेंचकस नहीं मारा था।
गौरतलब है कि चार दिसंबर को गोबिंदपुरा रोड स्थित आरके गुप्ता अस्पताल के बाहर फाइनेंसर गांव भंभौली निवासी रविंद्र उर्फ बॉबी अपने साथी असलम के साथ आया था। जहां उसकी शाह के साथ बहस हो गई। आरोप है कि इस दौरान शाह ने उसकी छाती में पेंचकस घोंपकर उसकी हत्या कर दी थी। डीएसपी मदन लाल का कहना है कि आरोपी से अभी पूछताछ जारी है।