गांव दौलतपुर में चुनावी रंजिश को लेकर युवक रजत को जिंदा जलाने मामले में फोरेंसिक विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने मौके से युवक के जले हुए अवेशष व मिट्टी के तेल की कैन बरामद किए। उधर, युवक की मौत के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है ।
मृतक रजत के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाए। परिवार के सदस्यों ने प्रशासन के अधिकारियों को चेतावनी दी कि दो दिनों के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो रोड जाम किया जाएगा। वहीं थाना रादौर प्रभारी वीरेंद्र राणा ने कहा कि मामले में नामजद लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक युवक रजत के पिता केहरसिंह, मां बसो देवी व बड़े भाई रवि ने बताया कि गांव का निवर्तमान सरपंच रामस्वरूप पंचायती चुनावों को लेकर उनसे रंजिश रखता था। इसी कारण रामस्वरूप व उनके परिवार के सदस्य धमकियां देते थे।
मंगलवार की रात को रामस्वरूप व उसके परिवार के सदस्यों ने उनके बेटे रजत के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर हत्या कर दी । परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि हत्या का मामला दर्ज होने के बाद भी हत्यारोपी गांव में खुले आम घूम रहे हैं।
वे पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। गौरतलब है कि रादौर पुलिस ने मृतक रजत के पिता केहर सिंह की शिकायत पर गांव के सरपंच रामस्वरूप, उसके बेटे विनोद व चंद्रभान के अलावा तीसरे बेटे गोपाल, भाई ताराचंद, रामस्वरूप की पत्नी मुख्तिारी व रिश्तेदार खारवन निवासी टिंकू के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है।