पेमेंट लेकर एक फैक्ट्री से दूसरी फैक्ट्री में जा रहे मुंशी और कर्मचारी से मारपीट कर छह बदमाशों ने 18 हजार की नकदी, मोबाइल व सोने की चेन लूट ली। वारदात शुक्रवार देर शाम बुड़िया थाना क्षेत्र में फतेहपुर पुल के नजदीक हुई। पुलिस ने छह अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिहार के नागेंद्र यादव व कृष्णा यादव फतेहपुर के नजदीक एक प्लाइवुड फैक्ट्री में काम करते हैं। शुक्रवार देर शाम वे क्षेत्र में स्थित दूसरी इकाई में 18 हजार रुपये की पेमेंट बाइक पर लेकर जा रहे थे। जब वे पश्चिमी यमुना नहर के फतेहपुर पुल के नजदीक पहुंचे तो रास्ते में दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने उनसे मारपीट कर 18 हजार की नकदी, मोबाइल और एक सोने की चेन लूट ली। उसके बाद आरोपी उन्हें धक्का देकर वहां से भाग गए। कर्मचारियों ने किसी तरह इसकी सूचना फैक्ट्री मालिक को दी। मालिक ने मौके पर पहुंचकर उनसे मामले की जानकारी हासिल की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर बुड़िया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने नागेंद्र की शिकायत पर छह अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।