रेलवे में नौकरी दिलवाने के नाम पर तीन लोगों ने एक युवक से 4,37,500 रुपये ठग लिए। जब युवक ने पैसे मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया।
मारवा कलां निवासी करनैल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2011 में उसका बेटा नौकरी की तलाश में था। उनके गांव के ही कर्ण ने उसे बताया कि वह ऐसे व्यक्ति को जानता है जो उसकी अच्छी नौकरी लगवा देगा। कर्ण ने उसकी मुलाकात पानीपत निवासी जनक सिंह व महेंद्र सिंह से करवाई। उसने आरोपियों को पैसे और बेटे के प्रमाणपत्र दे दिए।
वादे के मुताबिक जब आरोपियों ने उसके बेटे को रेलवे में नौकरी नहीं दिलवाई तो उसने उनके पास जाकर पूछताछ की। आरोप है कि आरोपियों ने कई बार बहाना बनाने के बाद भी न तो उसके बेटे को नौकरी दिलवाई और न ही उसके पैसे लौटाए। परेशान होकर उसने आरोपियों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस में शिकायत कर दी।
बिलासपुर पुलिस ने करनैल की शिकायत पर आरोपी कर्ण, जनक व महेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।