छछरौली थाना क्षेत्र के गांव ललहाड़ी कलां में कुछ लोगों ने घर में घुसकर युवक पर रॉड, डंडों व तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। घायल का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अभी सभी आरोपी फरार हैं।
गांव ललहाड़ी कलां निवासी प्रदीप कुमार ने छछरौली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका कुछ दिन पहले गांव चिंतपुर निवासी कर्मवीर के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। उस समय आसपास के लोगों ने मामला सुलझा दिया था। मगर उसके बाद से आरोपी उससे रंजिश रखने लगा।
इसी रंजिश के चलते आरोपी कर्मवीर अपने साथी मुरली, कुलदीप व एक अन्य के साथ मिलकर उनके घर में घुस गया। आरोपियों के हाथों में लोहे की रॉड, लाठियां, डंडे व तेजधार हथियार थे। इससे पहले वह कुछ समझ पाता आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मारपीट की आवाज सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। परिवार वालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर तीन युवकों को नामजद करते हुए एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई नर सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।