फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली निगम के एसडीओ और जेई को पीटा

Wed, 18 Nov 2015 11:53 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला यमुनानगर
विज्ञापन
विज्ञापन
बुड़िया क्षेत्र के गांव फतेहपुर में बिजली चोरी की जांच करने आए एसडीओ और जेई को कुछ लोगों ने पीट डाला, साथ ही एक घंटे तक बंधक बनाए रखा। जेई ने जिस मोबाइल फोन से बिजली चोरी होती हुई रिकार्ड की थी उस मोबाइल को भी ग्रामीणों ने तोड़ डाला।
विज्ञापन


वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों कर्मचारियों को ग्रामीणों के चुंगल से छुड़वाया। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दोनों कर्मचारियों ने शराब पी रखी थी और एक कर्मचारी ने बाथरूम में नहा रही महिला का वीडियो बना लिया जिस कारण दोनों कर्मचारियों को पकड़ा।

पुलिस को दोनों पक्षों ने शिकायत दी है। बुधवार शाम तक दोनों पक्षों के बीच बुड़िया पुलिस थाने में बातचीत होती रही। देर शाम पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर करीब पांच लोगों के खिलाफ मारपीट व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच डीएसपी उषा को सौंपी गई है।
विज्ञापन


बिजली निगम जगाधरी के एसडीओ मुनीष शर्मा के नेतृत्व में बिजली कर्मचारियों की टीम बुधवार तड़के बिजली चोरी की जांच करने के लिए गांव फतेहपुर में गई। टीम में एसडीओ मुनीष शर्मा के साथ जेई सुनील, खिलाराम, विनोद बग्गा, एलएम इंचार्ज राजीव मेहता, एलएम संजीव देवेंद्र व शाम लाल थे। दो-तीन ग्रुप में टीम गांव में बिजली चोरी की जांच कर रही थी।

जेई सुनील का ग्रुप जब गांव वासी कुलदीप के घर पर पहुंचा तो यहां उन्होंने कुंडी से बिजली चोरी होते हुए दिखाई दी। जेई सुनील ने कुंडी लगाकर हो रही चोरी का वीडियो अपने मोबाइल में बनाया। तभी घर के लोग मौके पर आ गए। आरोप है कि उन्होंने जेई सुनील को पकड़ लिया और उससे मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। जब एसडीओ मुनीष शर्मा मौके पर आए तो लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की। बिजली कर्मचारियों का आरोप है कि आरोपियों ने जबरन उनके मुंह पर शराब डाली और जिस मोबाइल में वीडियो बनाया था, उसे तोड़ दिया। मामले की सूचना बिजली कर्मचारियों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

पत्नी की नहाते हुए बनाई वीडियो
उधर, एक ग्रामीण ने बताया कि बुधवार सुबह उसकी पत्नी छत पर बने बाथरूम में नहा रही थी। तभी चार लोग घर पर आए। एक व्यक्ति नीचे खड़ा हो गया। तीन लोग छत पर चले गए। आरोप है कि यहां उनमें से एक व्यक्ति ने बाथरूम के नजदीक जाकर अंदर नहा रही उसकी पत्नी का वीडियो बनाया। उसकी पत्नी ने यह देखकर शोर मचाया। शोर सुनकर अन्य परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उक्त लोगों को पकड़ लिया और पंचायत घर में ले गए। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली कर्मचारियों ने शराब पी हुई थी।

सात घंटे बातचीत के बाद भी नहीं सुलझा मामला  
इस वारदात के बाद सुबह करीब साढ़े आठ बजे बिजली कर्मचारी व फतेहपुर गांव के कुछ लोग बुड़िया थाने में पहुंच गए। बिजली निगम की ओर से एसई एचपी शर्मा, एक्सईएन संजीव गुप्ता, एसडीओ मनीश शर्मा व दूसरे पक्ष के लोगों से बातचीत की। काफी देर दोनों पक्षों से बातचीत करने के बाद भी एसएचओ दलीप कुमार मामला नहीं सुलझा पाए। इसके बाद डीएसपी उषा को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने भी दोपहर बाद तक बातचीत की लेकिन मामला नहीं सुलझा।

कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
फतेहपुर में हुई वारदात के बाद बिजली निगम सब अर्बन जगाधरी क्षेत्र के कर्मचारी एकजुट हो गए हैं। उन्होंने जगाधरी सब अर्बन कार्यालय पर एकत्रित होकर घटना पर रोष प्रकट किया। वहीं चेतावनी दी कि अगर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कि गई तो वे आंदोलन करेंगे।

मामले में दोनों तरफ से शिकायतें आ गई हैं। एसडीओ जगाधरी मनीष शर्मा की शिकायत पर 4-5 लोगों पर मारपीट व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। महिला की तरफ से आई शिकायत की जांच डीएसपी उषा कर रही हैं। मामले की गहनता से जांच जारी है।
विज्ञापन

 दलीप कुमार, एसएचओ, थाना बुड़िया



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें