शहर के सबसे व्यस्तम मार्ग जगाधरी वर्कशाप रोड पर पेपर मिल गेट के पास स्थित जैन बेकरी दुकान के संचालक व बेकरी व्यापारी अनिल जैन की कार से चोर दिन दहाड़े मात्र पांच मिनट के अंतराल में 80 हजार रुपये की नकदी से भरा बैग उड़ा ले गए। वारदात के समय दुकान संचालक अपनी दुकान पर सामान रखने के लिए गए थे। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने देर शाम अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कालिंदी कॉलोनी निवासी अनिल जैन की जगाधरी वर्कशाप रोड पर पेपर मिल गेट के पास जैन बेकरी के नाम से दुकान है। उनकी एक बेकरी की दुकान माडल टाउन में भी है। अनिल शुक्रवार सुबह अपनी आई 20 कार में 80 हजार रुपये की नकदी से भरा बैग रखकर माडल टाउन स्थित दुकान पर पहुंचे।
यहां कुछ सामान रखकर अनिल जगाधरी वर्कशाप रोड स्थित दुकान पर आ गए। अपनी कार को दुकान के सामने सड़क किनारे खड़ी करके अनिल दुकान के भीतर चले गए। लगभग पांच मिनट बाद जब वह वापस कार पर आए तो उन्होंने देखा कि कार की खिड़की का शीशा खुला है और अंदर रखा बैग गायब है। उन्होंने आसपास खड़े लोगों से इसकी जानकारी ली, लेकिन कार से बैग निकालने वाले को किसी ने नहीं देखा। अनिल जैन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद अनिल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दुकान के किराए के लिए लाए थे नकदी :
अनिल जैन की पत्नी ने बताया कि उनके पति अनिल जैन पिछले तीन दिन से काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। वह गुरुवार रात ही घर लौटे थे। माडल टाऊन स्थित दुकान का किराया देने के लिए वह घर से 80 हजार रुपये की नकदी कार में रखकर चले थे। इसके साथ ही कुछ पैसे बेकरी के सामान के लिए रखे थे।
पहले भी कई बार हो चुकी कार में बैग उड़ाने की वारदातें :
शहर में कार में रखे नकदी से भरे बैग को चोरी की यह शहर में पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी चोर कई बार ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुके है। हर बार पुलिस मामला दर्ज करती है, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब नहीं हुई। बीते तीन माह में बदमाशों ने कई वारदातों को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस आज तक किसी भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है।
पेपर मिल गेट के पास कार से 80 हजार रुपये की नकदी से भरा बैग चोरी होने की वारदात का पता चलते ही पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
राजीव मिगलानी, एसएचओ, थाना शहर यमुनानगर।