सेल्फी के चक्कर में युवा गवां रहे जान
यमुनानगर। नए-नए अंदाज में सेल्फी लेना युवाओं का शौक माना जाता है। अलग-अलग स्थानों पर सेल्फी के शौकीन सेल्फी लेते हैं। लेकिन कभी-कभी ये शौक युवाओं को मौत की दहलीज पर ले जाता है। हमीदा हैड पर एक 20 वर्षीय आशीष उर्फ आशु सेल्फी लेते समय पानी में डूबकर अपनी जान गवां बैठा। डेढ़ साल में सात युवा सेल्फी लेने के दौरान अपनी जान दे चुके हैं। ये हादसे अलग-अलग जगहों पर हुए। यही नहीं दो युवक तो ऐसे थे जिन्हें सेल्फी के समय ट्रेन का भी ख्याल नहीं रहा और ट्रेन रौंदते हुए निकल गई। जिससे उनकी मौत हो गई।
अब तक ये हो चुके हादसे
डेढ़ साल में सात से अधिक ऐसे युवा हैं जो सेल्फी लेने के दौरान अपनी मौत गवां चुके हैं। पहला हादसा पश्चिमी यमुना के पुल पर हुआ। यहां एक युवक यमुना के पुल पर खड़ा होकर सेल्फी ले रहा था, तभी उसका पांव फिसल गया और वह यमुना में जा गिरा जिससे उसकी मौत हो गई। इससे एक माह बाद ही दो दोस्त इसी पुल पर सेल्फी ले रहे थे। वे सेल्फी में इतने खो गए की उन्हें आती ट्रेन भी दिखाई नहीं दी और ट्रेन ने उन्हें चपेट में ले लिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा हथनी कुंड पर यमुना किनारे खड़े होकर दो युवक सेल्फी ले रहे थे। तभी एक का पांव फिसल गया और दूसरा साथी भी उसके साथ गिर गया और उनकी मौत हो गई। इसी तरह हमीदा हैड पर दो साल पहले एक युवक सेल्फी लेते समय पानी में डूब गया और उसकी भी मौत हो गई थी।
सुकून पाने के लिए करते हैं यमुना का रुख
गर्मी का सीजन शुरू हो चुका है। वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चे यमुना नहर की तरफ रुख करते हैं। और वे घंटो नहर में तैराकबाजी करते हैं। हैरत की बात है कि इन्हें रोकने वाला भी कोई नहीं है। इसी लापरवाही के चलते युवकों की संख्या लगातार बढ़ने लगती है। ऐसे में हादसा हो जाता है।
यमुना नदी में डूबे व्यक्ति की मौत
खिजराबाद। हथिनी कुंड बैराज पर यमुना नदी में नहाते समय पानी के तेज बहाव में बहे छात्र सोहेल का शव ताजेवाला यमुना नहर में मिल गया। दरअसल, बिजनौर निवासी सोहेल मिर्जापुर यूनिवर्सिटी की बीयूएमएस का सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था वह अपने तीन साथियों के साथ शुक्रवार को यमुना नदी पर नहाने के लिए आया था पानी की गहराई व स्पीड का ठीक से अंदाजा नही लगा सका और नहर में बह गया था। पुलिस तथा परिजन उसकी तीन दिन से तलाश कर रहे थे लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बीती शाम किसी ने ताजेवाला यमुना में शव को तैरते देखा जिसकी सूचना उसने स्थानीय लोगों को दी और स्थानीय लोगों द्वारा खिजराबाद पुलिस को उसके बारे में सूचना दी गई खिजराबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और यूपी पुलिस को सूचित किया।
यमुना मेें गिरे पेड़ को कटवाने के लिए फोरेस्ट डेवल्पमेंट कॉपोरेशन डिपार्टमेंट को लिख दिया गया है। जल्द ही पेड़ को कटवा दिया जाएगा।
सूरजभान, डीएफओ, वन विभाग।
यमुना में नहाने आए लोगों को रोका जाता है। लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं। गर्मियों के दिनों में इस तरह की घटनाएं होने की संभावना अधिक होती है। यह प्रशासन व अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से ही रोका जाता सकता है।
-हरदेव कांबोज, एक्सईएन, सिंचाई विभाग।