घर में ही सोया हुआ था परिवार, गहनों व नकदी से भरे दो पर्स चोरी
यमुनानगर। शहर के त्यागी गार्डन से चोर इस्जैक कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी के घर से एक लाख दस हजार रुपये से भरे दो पर्स चोरी कर ले गए। पर्स में आभूषण व जरूरी दस्तावेज भी थे। घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर ही सोए हुए थे। ये गहने और नगदी उसकी बेटी के पर्स में रखे हुए थे। वह कोलकाता आई हुई थी और सुबह गुरुग्राम जाने के लिए सामान की पैकिंग करके रखी थी। अलसुबह दो बजे जब परिवार सदस्य उठे तो पर्स गायब मिले। पुलिस ने मामले की जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
त्यागी गार्डन निवासी अरुण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इस्जैक फैक्टरी में कर्मी है। उसकी बेटी एक कंपनी में जॉब करती है। होली पर उसकी बेटी कोलकाला से घर आई थी। शनिवार अलसुबह उसे गुरुग्राम जाना था। गुरुग्राम जाने के लिए शुक्रवार रात को ही उसने अपने सामान की पैकिंग कर सोफे पर रख दिया था। रात के समय चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और सोफे पर रखे सामान में से दो पर्स चोरी कर ले गए। अलसुबह करीब दो बजे जब उनकी आंख खुली तो उन्होंने देखा कि सोफे पर रखे दो पर्स गायब थे। उसकी बेटी के पर्स में 35 हजार रुपये, सोने के दो टॉपस, दो अंगूठियां, सोने की चेन, पैन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम व पास बुक थी। इसके साथ ही चोर घर से एक अन्य पर्स चोरी करके ले गए। जिसमें 75 हजार रुपये की नकदी व अन्य दस्तावेज थे।
जांच अधिकारी प्रदीप का कहना है कि चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।
आजाद नगर से बाइक चोरी
आजाद नगर कालोनी निवासी रोहित कुमार ने बताया कि चोरों ने उसकी बाइक को गली नंबर आठ से चोरी कर ली। काफी तलाश के बाद भी बाइक का कुछ भी पता नहीं चला। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।