ज्वेलर संजीव के हत्यारोपी योगेश का रिमांड खत्म, दोनों मोबाइल बरामद नहीं कर पाई पुलिस
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। 13 किलो सोने और 30 लाख रुपये वापस न करने पर ज्वेलर संजीव खन्ना की साथियों के साथ मिलकर हत्या करने के आरोपी योगेश सूरी का मंगलवार को रिमांड खत्म होगया। शहर पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयुक्त कार, हथोड़ी व तार बरामद किया गया। लेकिन पुलिस इस दौरान आरोपी से संजीव के दोनों मोबाइल बरामद नहीं करपाई।
शहर थाना प्रभारी नरेंद्र राणा ने बताया कि आरोपी योगेश ने पूछताछ में बताया कि उसने संजीव के मोबाइलों को नहर में फेंक दिया था। ताकि पुलिस को उसके मोबाइल की लोकेशन न पता चल पाए। आरोपी का रिमांड खत्म होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में जांच जारी है। बता दें आरोपी योगेश ने 27 जून को अपने साथी रोहित और शैंटी के साथ मिलकर संजीव की हत्या कर दी थी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में रोहित और शैंटी को चार दिन के रिमांड के बाद जेल भेज दिया था। वहीं योगेश को दोबारा पांच दिन के लिए रिमांड पर लिया था। पांच दिन में पुलिस ने उससे वह हथोड़ा बरामद किया, जिससे उसने अपने साथी के साथ संजीव खन्ना के सिर पर वार किए थे। 10 से 11 वार किए जाने से संजीव खन्ना के सिर की हड्डी कई जगह से टूट गई थी। हथोड़े से वार करने से पहले ग्लैडविन ने तार से संजीव का गला घोंटा था। पुलिस ने हथोड़ा व तार पूछताछ के बाद बरामद कर ली है, जबकि संजीव के दोनों मोबाइल बरामद नहीं कर पाई। मंगलवार को उसका रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। जहां से रिमांड पर लिया गया।