कनाडा भेजने के नाम पर हड़पे 15 लाख रुपये
- आरोपी व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज
यमुनानगर। गांव मिल्क खास निवासी शिवकुमार को कनाडा भेजने के नाम पर एक व्यक्ति ने उससे 15 लाख रुपये लेकर हड़प लिए। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव मिल्क खास निवासी शिव कुमार ने बताया कि वह रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इस दौरान उसकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के गांव बुरीना खुर्द निवासी सियाद ताजमुल हुसैन से हुई। आरोपी ने उससे बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। वह उसे रोजगार के लिए कनाड़ा भेज देगा। वह आरोपी की बातों में आ गया। आरोपी ने उससे कनाडा भेजने के नाम पर 15 लाख रुपये मांगे। उसने 26 फरवरी को आरोपी को उक्त पैसे दे दिए। आरोपी ने उसे जल्द कनाडा भेजने का आश्वासन दिया। मगर काफी दिन गुजरने के बाद भी जब वह विदेश नहीं गया तो उसने इस बारे आरोपी व्यक्ति से बात की। मगर उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उसने आरोपी से पैसे वापस मांगे तो उसने पैसे देने से मना कर दिया और दोबारा पैसे मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।