दहेज उत्पीड़न के दो मामलों में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज
यमुनानगर। प्रोफेसर कॉलोनी निवासी खुशमीत कौर ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर शादी में दहेज की मांग पूरी न होने पर पीटकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। उधर, गुगलो निवासी शिवानी ने अपने पति पर दहेज के लिए पीटकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में विवाहिता की शिकायत पर उसके पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
खुशमीत कौर ने महिला पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 14 नवंबर 2017 को कालोनी के ही मंदीप सिंह नरूला के साथ हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने उसे जरूरत का दान दहेज देकर विदा किया था मगर शादी में दिए गए सामान से उसका पति व ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे। शादी के बाद से ही आरोपी उससे अधिक दहेज की मांग करने लगे मगर और अधिक दहेज देने में उसके मायके वाले असमर्थ थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके पति मंदीप, सास अमरीत कौर, ससुर इकबाल सिंह, ननद कमलप्रीत कौर और नंदोईया दिल्ली निवासी सुखविंद्र सिंह ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया और बिना दहेज वापस आने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने मायके पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, गांव गुगलो निवासी शिवानी ने बताया कि उसकी शादी 12 नवंबर 2017 को बाकरपुर निवासी विशाल कांबोज के साथ हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने उसे काफी जररत का सामान देकर विदा किया था। मगर शादी में दिए गए दहेज से उसका पति खुश नहीं था। शादी के बाद से ही आरोपी उससे अधिक दहेज की मांग करने लगा मगर ओर अधिक दहेज देने में उसके मायके वाले असमर्थ थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके पति ने उसे घर से निकाल दिया। उसने घटना की सूचना पुलित्र्स को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी।