बाइक की टक्कर से साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जगाधरी अंबाला रोड पर भंभौली के नजदीक बाइक की टक्कर लगने से अधेड़ की मौत हो गई। उधर, कैल कलानौर बाइपास पर गोलनी गांव के नजदीक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
भंभौली निवासी ध्यान सिंह (55) जगाधरी-अंबाला रोड स्थित एक प्राइवेट स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। रोज की तरह रात करीब 11 बजे काम से छुट्टी कर साइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। भंभौली गांव के पास ही किसी बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे शहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उपचार के दौरान घायल ध्यान सिंह ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी।
इनसर्ट
कैल कलानौर बाइपास पर अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला
गांव ऊंचा चांदना निवासी बनवारी लाल ने बताया कि उसका भतीजा 32 वर्षीय अमरजीत किसी काम से जा रहा था। जब वह नए बाइपास पर गांव गोलनपुर के नजदीक पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।