छत पर पत्नी को पानी देने गया था दर्जी, चोरों ने उड़ाए नकदी व गहने
तीर्थ नगर की घटना, पुलिस ने एक युवक को नामजद करते हुए तीन पर किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। तीर्थ नगर कॉलोनी में चोरों ने दर्जी के घर को निशाना बनाकर अलमारी में रखी करीब तीन हजार रुपये की नकदी सहित लाखों के गहने चोरी कर लिए। घटना के समय दर्जी छत पर सो रही पत्नी को पानी देने के लिए गया था। दर्जी ने पड़ोस के रहने वाले दीपक दो अन्य युवकों पर चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीर्थ नगर कॉलोनी निवासी बलबीर ने बताया कि वह दर्जी का काम करता है। गुरुवार रात को वह अपने घर में कपड़े सील रहा था। जबकि उसकी पत्नी व अन्य परिवार सदस्य छत पर सो रहे थे। रात को करीब एक बजे उसकी पत्नी ने उसे पानी देने के लिए आवाज लगाई। वह पानी की बोतल लेकर छत पर चला गया और पत्नी को पानी दिया। करीब 20 मिनट बाद जब वह नीचे आया तो उसने देखा कि घर की अलमारी खुली हुई पड़ी है। जिसके अंदर रखा कैश व ज्वैलरी गायब है। वह तुरंत गली में गया तो उसे कॉलोनी का दीपक व दो अन्य युवक भागते हुए दिखाई दिए। उसने आरोपियों को पीछा कर पकडने का प्रयास किया, लेकिन वे भाग निकले। जब उसने चोरी हुए सामान की जांच की तो अलमारी से नकदी, गहने, मोबाइल और आधार कार्ड गायब मिला। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में दीपक को नामजद करते हुए दो अन्य पर केस दर्जकर कार्रवाई शुरू करदी है।