बीड़ी मांगने के बहाने व्यक्ति को रोककर चेन, मोबाइल व नकदी छीनने का एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
आरोपी पर दर्ज है एक मर्डर व लूट के कई केस, सभी कोर्ट में विचाराधीन
आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया, पूछताछ में अन्य मामलों के खुलासे होने की उम्मीद
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। आईटीआई के नजदीक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को सीआईए टू की टीम ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर छह अप्रैल को जिला सचिवालय के नजदीक व्यक्ति को बीड़ी मांगने के बहाने रोककर उससे सोने की चेन, मोबाइल व चार हजार रुपये छीनने की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपी पर वर्ष 2007 में मर्डर का मामला दर्ज है। इसके अलावा कुछ कई लूट व अन्य आपराधिक मामले दर्ज है। जो कोर्ट में विचाराधीन है। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे रिमांड पर लिया गया। आरोपी के दो साथी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
सीआईए टू इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि आईटीआई के नजदीक एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है जो किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर सुखदेव के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम सदस्यों ने आईटीआई के नजदीक दबिश देकर वहां घूम रहे आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की लेकिन आरोपी कुछ बोलने का तैयार नहीं हुआ। पुलिस टीम ने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने छह अप्रैल को जिला सचिवालय के सामने बच्चों की यूनिफार्म खरीद कर घर लौट रहे हुडा सेक्टर 17 निवासी राजेश कुमार के साथ मारपीट कर सोने की चेन, मोबाइल व चार हजार रुपये छीनने की वारदात कबूल की। उसने बताया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था। आरोपी की पहचान अमरपुरी कॉलोनी निवासी राजेश उर्फ पोल्ला के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने उसके दोनों साथियों की तलाश शुरू कर दी।
2007 में हत्या का आरोपी है राजेश :
सीआईए टू इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी राजेश पर 2017 में एक व्यक्ति की हत्या करने का आरोप है। जिसमें आरोपी नामजद है। यह मामला कोर्ट में चल रहा है। इसके अलावा आरोपी पर कई लूट व अपराधिक मामले दर्ज हैं। ये सभी मामले भी कोर्ट में विचाराधीन हैं।
जल्द होगी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी :
संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी से उसके अन्य साथियों के बारे व छीनी गई नकदी व मोबाइल के बारे में पूछताछ होगी। फरार चल रहे दो आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
फोटो : 18