गंडासी व लोहे की रॉड से हमला कर बाप-बेटे को किया घायल
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। बुडिय़ा चौक जगाधरी में कुछ युवकों ने कहासुनी होने पर बाप-बेटे पर गंडासी व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में बाप-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सात आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में आरोपी अभी पुलिस गिरफ्तार से बाहर है।
मोहल्ला छोटा बाजार बुडिय़ा निवासी अब्दुल हमीद ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने लड़के उस्मान के साथ जगाधरी किसी काम से आया था। जब वह बुडिया चौक के नजदीक पहुंचे तो वहां पर उसकी उस्मान व अब्दुल सलाम के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी बढने पर आरोपी युवक उस्मान व अब्दुल सलाम ने अपने साथी इकराम, अमीर, कन्नू, इसरार, आरीफ व तीन अन्य के साथ मिलकर उस पर और उसके बेटे उस्मान पर गंडासी, लोहे की रॉड व बिंडों से हमला कर दिया। हमले में वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में अभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल अरूण कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।