फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

---हिमाचल प्रदेश व चंडीगढ़ के ध्यानार्थ---

विज्ञापन
विज्ञापन
ट्रक से अग्निशमन यंत्र के सामान की आड़ में डोडा-चूरा पोस्त की तस्करी, दो क्विंटल 40 किलो सहित ड्राइवर गिरफ्तार
विज्ञापन

राजस्थान से हिमाचल में कर रहा था तस्करी, एक क्विंटल पर लेता था 20 हजार रुपये कमीशन
हिमाचल में पांच हजार रुपये में बेचा जाता है राजस्थान से दो हजार रुपये किलो की कीमत का चूरा पोस्त
सीआईए वन की टीम ने जोडिया नाके के नजदीक ट्रक सहित किया आरोपी को गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
ट्रक में अग्निशमन यंत्रों के सामान के बीच छिपाकर राजस्थान से हिमाचल में नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहे ट्रक ड्रआइवर को सीआईए वन की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के ट्रक से दो क्विंटल 40 किलो डोडा चूरा पोस्त बरामद किया गया है। राजस्थान में दो हजार रुपये प्रति किलो बिकने वाले डोडा चूरा पोस्त को हिमाचल में पांच हजार रुपये में बेचा जाता था। एक क्विंटल डोडा चूरा पोस्त पर आरोपी ट्रक चालक 20 हजार रुपये कमीशन लेता था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस अब राजस्थान में डोडा चूरा पोस्त बेचने वाले और हिमाचल में मंगवाने वाले दोनों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी। इसके अलावा ट्रक संचालक को भी जांच में शामिल किया जाएगा। पकड़ी गई डोडा चूरा पोस्त की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
सीआईए-1 इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि राजस्थान से ट्रक में हिमाचल में डोडा चूरा पोस्त की तस्करी की जा रही है। नशीला पदार्थ लेकर एक ट्रक सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे से निकलेगा। सब इंस्पेक्टर जोगिंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई रामकुमार वालिया, एएसआई जसबीर सिंह, हेड कांस्टेबल मंदीप, सुभाष, मुकेश, रोहित व संदीप को शामिल किया गया। टीम ने स्टेट हाईवे के जोडियां नाके पर नाकाबंदी की।
विज्ञापन

कुछ देर बाद रादौर की ओर से तिरपाल से ढका हुआ ट्रक आता दिखा। पुलिस ने ट्रक को रोक कर जांच की तो उसमें कुछ सामान लदा हुआ था। पूछने पर ट्रक चालक ने बताया कि ट्रक में अग्निशमन उपकरण व उनका सामान है। सामान कट्टों (प्लास्टिक बैग) व बोरों में भरा हुआ था। जब पुलिस ने गहनता से जांच की तो सामान के कट्टों व बोरों के बीच छिपाए कई कट्टों में डोडा चूरा पोस्त भरा हुआ मिला। ट्रक से ऐसे आठ कट्टे बरामद किए गए। इनमें दो क्विंटल 40 किलोग्राम डोडा चूरा पोस्त था। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ट्रक ड्राइवर हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के गांव बेहड़वाला निवासी रिंकू धीमान उर्फ रिंका है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे रिमांड पर लिया गया।
बॉक्स
मुंबई से लोड़ किए थे अग्निशमन यंत्र, चितौडग़ढ़ से छिपाया था चुरापोस्त :
पूछताछ में आरोपी रिंकू ने बताया कि वह मुंबई से आग बुझाने के यंत्र ट्रक में लोड कर देहरादून के लिए निकला था। राजस्थान के चितौड़गढ़ के गांव मंगलवाड़ा से संदीप नाम के व्यक्ति ने ट्रक में नशीले पदार्थ के बैग रखे थे। पुलिस को शक न हो इसलिए अग्निशमन यंत्रों से भरे कट्टों जैसे कट्टों में डोडा चूरा पोस्त भरकर छिपाया था। यह माल उसने सिरमोर के बातामंडी के गांव गुतनपुर निवासी मोहम्मद दीन उर्फ काला को पहुंचाना था।
बॉक्स
एक क्विंटल पर 20 हजार कमीशन :
सीआईए इंचार्ज सुनील ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह काफी समय से ट्रक चालक है और मुंबई से माल लेकर आता है। कुछ माह पूर्व मोहम्मद दीन उर्फ काला ने उसे राजस्थान से नशीला पदार्थ लेकर आने का ऑफर दिया था। उसने एक क्विंटल पर 20 हजार रुपये का कमीशन देने की बात कही थी। तब से वह मुंबई से आते हुए राजस्थान से चूरा पोस्त के बैग माल के बीच में रख लेता और किसी को शक भी नहीं होता था।
बॉक्स
हिमाचल में छोटी-छोटी पैकिंग में बेची जाती है चूरा पोस्त :
चालक रिंकू ने खुलासा किया कि राजस्थान व यूपी से बड़े बैगों में भरकर सप्लाई हुई चूरा पोस्त हिमाचल प्रदेश में पीसकर छोटी-छोटी पैकिंग कर बेची जाती थी। राजस्थान से डोडा चूरा पोस्त दो हजार रुपये किलो मिलता है और हिमाचल प्रदेश में इसे पांच हजार रुपये प्रति किलो में बेचा जाता है। ट्रक से बरामद हुई चूरा पोस्त एक बैग में 30-30 किलो भरी हुई थी।
बॉक्स
कई राज्यों की सीमाओं के चलते यमुनानगर से हो रही नशे की तस्करी :
यमुनानगर को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश की सीमाएं लगती हैं। अंबाला क्रॉस करने के बाद पंजाब भी यमुनानगर के नजदीक है। कई राज्यों की सीमाओं से सटा होने के चलते यमुनानगर से नशीले पदार्थों की खूब तस्करी होती है। इन्हीं सीमाओं के कारण उत्तर प्रदेश से आपराधिक प्रवृत्ति के लोग यमुनानगर आते हैं और अपराध करके सीमा लांघ वापस भाग जाते हैं। यूपी से भी चूरा पोस्त, स्मैक व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी जिले से होते हुए दूसरे राज्यों में की जाती है।
विज्ञापन

बॉक्स
रिमांड में धंधे से जुड़े लोगों के बारे में की जाएगी पूछताछ :
आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया। उसे सात दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान जांच की जाएगी कि आरोपी कितने समय से इस धंधे में है। उसके तार कहां-कहां जुड़े हैं। हर पहलू की गहनता से जांच होगी। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए हिमाचल प्रदेश व राजस्थान भी टीमें भेजी गई हैं।
- सुनील कुमार, प्रभारी, सीआईए-वन, यमुनानगर।
फोटो : 16, 17 व 18
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें