सीआईए टीम पर वाहन चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास करने वाले तीन खैर तस्कर गिरफ्तार
तीनों तस्करों को तीन दिन के रिमांड पर लिया, पूछताछ में जुटी पुलिस
30 नवंबर को चिकन जंगल से खैर की तस्करी कर जा रहे तस्करों ने रोकने पर दिया था वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सीआईए की टीम पर वाहन चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास करने के तीन आरोपी खैर तस्करों को सीआईए वन की टीम ने गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी 30 नवंबर को चिकन जंगल से खैर की लकड़ी चोरी कर बाजार में बेचने जा रहे थे। रास्ते में जब सीआईए व वन विभाग की टीम ने उन्हें रोकना चाहा तो आरोपी उनपर वाहन चढ़ाकर जान मारने की कोशिश कर फरार हो गए। आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
सीआईए-वन इंचार्ज संजीव मलिक ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि खिजराबाद बस स्टैंड के नजदीक खैर तस्करी व हत्या के प्रयास में नामजद तीन आरोपी घूम रहे है। सब इंस्पेक्टर प्रमोद वालिया के नेतृत्प में टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई जसविंद्र, मंदीप, विपिन, अशोक शामिल थे। गठित टीम ने मौके पर दबिश देकर वहां घूम रहे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों की शिनाख्त चिकन निवासी आलीम, असलम व नूर मोहम्मद के नाम से हुई। शुक्रवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
बॉक्स
ये था मामला :
सब इंस्पेक्टर प्रमोद वालिया ने बताया कि 29 नवंबर को सूचना मिली थी कि चिकन जंगल से खैर के पांच पेड़ चोरी से काटे गए है, जो खैर तस्कर बेचने के लिए 30 नवंबर को रात के समय चिकन वन विभाग के नाके से निकलेगें। सीआईए-वन से सब इंस्पेक्टर प्रमोद वालिया के नेतृत्व में गठित टीम ने चिकन वन विभाग के नाके पर नाकेबंदी की। कुछ देर बाद एक स्कारपियो कार आती दिखाई दी। जिसमें खैर की लकड़ी भरी हुई थी। जब टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो गाड़ी में सवार तस्करों ने जांच कर रही सीआईए की टीम पर गाड़ी चढा कर उसे जान से मारने का प्रयास किया और वन विभाग का बैरियर तोड़ कर भागने लगे, इस दौरान कुछ दूरी पर गाड़ी अचानक बंद हो गई। गाड़ी में सवार तीनों आरोपी चिकन निवासी आलिम, असलम व नूर मोहम्मद गाड़ी छोड़ कर जंगल की तरफ फरार हो गए। तब खिजराबाद पुलिस ने तीनों आरोपियों पर खैर तस्करी व हत्या के प्रयास में केस दर्ज किया था। तब से पुलिस आरोपियों की तलाश में थी।
वर्जन
तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। रिमांड में आरोपी से अन्य मामलों के खुलासे होने की उम्मीद है। पूछताछ के दौरान अन्य लोगों के नाम के खुल्लासे हो सकते है। यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा।
फोटो : 21