बुजुर्ग महिला को पीटा, घायल, तीन लोगों पर केस दर्ज
बिलासपुर के शेरगढ़ में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। बिलासपुर के गांव शेरगढ़ में पुरानी रंजिश के चलते तीन लोगों ने एक बुजुर्ग महिला को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर तीनों आरोपी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव शेरगढ़ निवासी बाला देवी ने बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका कुछ दिन पहले गांव के ही कुलदीप, विनोद व बृजेश के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय अन्य लोगों ने समझा कर मामला शांत करवा दिया। मगर उसके बाद से आरोपी उससे रंजिश रखने लगे। महिला ने बताया कि उसके परिवार के सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए थे। घर पर वह अकेली थी। इस दौरान कुलदीप, विनोद व बृजेश ने उसके घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।